तमिलनाडु में 55 क्विंटल तिल का स्टॉक जब्त
29-Oct-2025 03:45 PM
मदुरै। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा तमिलनाडु के विरुदनगर में 55,050 किलो तिल से लदे दो ट्रकों को जब्त किया गया है क्योंकि उसके पास खाद्य सुरक्षा प्रमाण पत्र नहीं था।
वहां विल्ली पथिरी में दोनों ट्रकों को खड़ा किया गया था और जब खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने उसकी चेकिंग शुरू की तब उस पर तिल की 734 बोरियां पाई गई। इसे एक खाद्य तेल प्लांट के लिए खरीदा गया था मगर खाद्य सुरक्षा नियमों के लिए इंतजाम नहीं किए गए थे।
अधिककारियों ने जब ट्रक चालकों से खाद्य सुरक्षा लाइसेंस मांगा तो पता चला कि उसके पास यह लाइसेंस नहीं था। इतना ही नहीं बल्कि उस तिल की खेप के आपूर्तिकर्ता (सप्लायर) के पास भी लाइसेंस नहीं होने की जानकारी मिली।
इस 55,050 किलो तिल का कुल मूल्य 59.89 लाख रुपए आंका गया है। इस तिल के नमूने को विश्लेषण के लिए रख लिया गया है और अधिकारियों ने ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया है। तेल प्लांट के विरुद्ध भी मामला दर्ज हुआ है क्योंकि उसने ऐसे आपूर्तिकर्ता से इस तिल की खरीद की थी जिसके पास खाद्य सुरक्षा लाइसेंस नहीं था।
ऐसे मामले बहुत कम प्रकाश में आते हैं। तिल को संवेदनशील तिलहन माना जाता है जिसे सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करने की जरूरत पड़ती है। इसके कारोबार एवं परिवहन के लिए खाद्य सुरक्षा लाइसेंस होना आवश्यक होता है।
अन्य प्रांतों के साथ तमिलनाडु में भी तिल की अच्छी प्रोसेसिंग होती है। नमूनों का परीक्षण करने के बाद ही पता चल सकेगा कि उस तिल की क्वालिटी पर मौमम का कोई असर पड़ा है या नहीं। लेकिन मामला तो बन ही गया है।
