दलहन फसलों के क्षेत्रफल में 3.44 लाख हेक्टेयर की वृद्धि

06-Jan-2026 04:56 PM

नई दिल्ली। हालांकि पिछले साल की तुलना में मौजूदा रबी सीजन के दौरान दलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र 130.87 लाख हेक्टेयर से 3.44 लाख हेक्टेयर बढ़कर 134.30 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है लेकिन यह मुख्यतः चना की बदौलत संभव हो सका है। इसके रकबे में भारी बढ़ोत्तरी हुई है।

मसूर का रकबा भी कुछ बढ़ा है और मूंग का क्षेत्रफल गत वर्ष के बराबर ही है। दूसरी ओर मटर, उड़द, कुलथी, खेसारी तथा अन्य दलहनों के बिजाई क्षेत्र में कमी आई है। दलहनों की बिजाई लगभग समाप्त हो गई है। 

ध्यान देने की बात है कि 2024-25 के रबी सीजन में दलहन फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र 134.08 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया था जबकि 2025-26 का रकबा उससे 22 हजार हेक्टेयर आगे निकल चुका है लेकिन यह बिजाई क्षेत्र 140.42 लाख हेक्टेयर के पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल से अभी 6.12 लाख हेक्टेयर पीछे है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में चालू रबी सीजन के दौरान चना का उत्पादन क्षेत्र 91.22 लाख हेक्टेयर से उछलकर 95.88 लाख हेक्टेयर और मसूर का बिजाई क्षेत्र 16.85 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 17.06 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जबकि मूंग का क्षेत्रफल 60 हजार हेक्टेयर के पिछले स्तर पर ही बरकरार रहा। 

दूसरी ओर समीक्षाधीन अवधि के दौरान मटर का उत्पादन क्षेत्र 8.27 लाख हेक्टेयर से घटकर 7.92 लाख हेक्टेयर, कुलथी का बिजाई क्षेत्र 2.41 लाख हेक्टेयर से गिरकर 1.90 लाख हेक्टेयर,

उड़द का क्षेत्रफल 4.27 लाख हेक्टेयर से घटकर 3.98 लाख हेक्टेयर और खेसारी का रकबा 2.92 लाख हेक्टेयर से फिसलकर 2.87 लाख हेक्टेयर रह गया। अन्य दलहनों का उत्पादन क्षेत्र भी 4.34 लाख हेक्टेयर से गिरकर 4.10 लाख हेक्टेयर पर अटक गया।