उत्तर प्रदेश में श्री अन्न की सरकारी खरीद में शानदार बढ़ोत्तरी
06-Jan-2026 01:28 PM
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में किसान 2025-26 के खरीफ मार्केटिंग सीजन में उत्पादित मोटे अनाज एवं श्री अन्न की बिक्री के लिए खुले बाजार के बजाए सरकारी क्रय केन्द्रों को ज्यादा प्राथमिकता दे रहे हैं।
इसके फलस्वरूप गत वर्ष की तुलना में इस बार राज्य में ज्वार, बाजरा एवं मक्का की सरकारी खरीद में उल्लेखनीय बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। किसानों को ऊंचे दाम पर सही समय पर भुगतान भी प्राप्त हो रहा है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार खरीफ कालीन मोटे अनाजों की खरीद का सीजन 1 अक्टूबर 2025 को आरंभ हुआ था जो अब सफलतापूर्वक समाप्त हो गया है।
चालू मार्केटंग सीजन में राज्य सरकार द्वारा किसानों से 2.13 लाख टन बाजरा, 43,562 टन ज्वार तथा 12,208 टन मक्का खरीदा गया। उत्तर प्रदेश के 33 जिलों में बाजरा, 25 जिलों में मक्का तथा 11 जिलों में ज्वार की सरकारी खरीद का अभियान चलाया गया।
मोटे अनाजों की यह खरीद केन्द्र सरकार द्वारा नियत न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की गई। उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार ने 2025-26 के सीजन हेतु नलदंडी ज्वार का एमएसपी 3749 रुपए प्रति क्विंटल,
हाईब्रिड ज्वार का 3699 रुपए प्रति क्विंटल, बाजरा का 2775 रुपए प्रति क्विंटल तथा मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2400 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है जो खरीफ के साथ-साथ रबी सीजन के लिए भी लागू होगा।
उत्तर प्रदेश में 54,253 किसानों से 2.13 लाख टन बाजरा की खरीद हुई और उसे 598.04 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। 2024-25 के सीजन में 19,030 किसानों से 1.01 लाख टन बाजरा खरीदा गया था और इसका मूल्य 268 करोड़ रुपए आंका गया था।
