वियतनाम से नए बाजारों में बढ़ रहा है चावल का निर्यात

28-Oct-2025 01:39 PM

हनोई। फिलीपींस में चावल का आयात अस्थायी तौर पर स्थगित होने के बावजूद वियतनाम से इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न के निर्यात का प्रदर्शन संतोषजनक बना हुआ है क्योंकि उसे नए-नए बाजारों में इसका शिपमेंट बढ़ाने में अच्छी सफलता मिल रही है

जिसमें चीन तथा कई अफ्रीकी देश भी शामिल है। उल्लेखनीय है कि फिलीपींस वियतनामी चावल का सबसे प्रमुख खरीदार देश है मगर वहां 1 सितम्बर 2025 से इसके आयात को रोक दिया गया है।

इसके फलस्वरूप अगस्त की तुलना में सितम्बर 2025 के दौरान वियतनाम से चावल का कुल निर्यात करीब 50 प्रतिशत घटकर 4.67 लाख टन पर अटक गया।

इसी तरह चालू माह (अक्टूबर) के प्रथम पखवाड़े में भी वियतनाम से केवल 2.01 लाख टन चावल का निर्यात हो सका जो अक्टूबर 2024 की समान अवधि के शिपमेंट 3.79 लाख टन से बहुत कम है।

वियतनाम फूड एसोसिएशन के चेयरमैन का कहना है कि सबसे प्रमुख बाजार में कारोबार बंद होने के बावजूद वियतनाम से चावल का औसत मासिक निर्यात 5 लाख टन के आसपास रखना आवश्यक है।

इसके लिए निर्यातकों को अन्य बाजारों और खासकर चीन में शिपमेंट बढ़ाने पर विशेष ध्यान देना पड़ेगा। चालू वर्ष के आरंभ से चीन में वियतनामी चावल के निर्यात में शानदार बढ़ोत्तरी हो रही है।

मौजूदा वर्ष में मध्य अक्टूबर तक वहां से चीन को लगभग 6 लाख टन चावल का निर्यात हुआ जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसकी मात्रा महज 2.41 लाख टन दर्ज की गई थी।

इसकी निर्यात कीमत 400 डॉलर प्रति टन से बढ़कर 500 डॉलर प्रति टन हो गई। वर्तमान कैलेंडर वर्ष के दौरान वियतनाम से 70 लाख टन से अधिक चावल का निर्यात हो चुका है जबकि नवम्बर एवं दिसम्बर का महीना अभी बाकी है।

पूरे वर्ष का कुल निर्यात 80 लाख टन के करीब पहुंचने की उम्मीद है। इससे वियतनाम थाईलैंड को पीछे छोड़कर भारत के बाद दुनिया का दूसरा सबसे प्रमुख चावल निर्यातक देश बन सकता है।