2024-25 सीजन के लिए 34.155 करोड़ टन खाद्यान्न के उत्पादन का लक्ष्य
21-Oct-2024 11:37 AM
नई दिल्ली । केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा है कि 2024-25 सीजन के लिए 34.155 करोड़ टन खाद्यान्न के उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया जाएगा और इसे हासिल करने के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले फसल सीजन के दौरान विभिन्न फसलों के उत्पादन प्रदर्शन का आंकलन एवं समीक्षा तथा रबी सीजन के लिए अलग-अलग फसलों के उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित करने के लिए पिछले दिन नई दिल्ली के एन ए एस सी कॉम्प्लैक्स में रबी अभियान 2024 के लिए राष्ट्रीय कृषि सम्मलेन का आयोजन किया गया।
कांफ्रेंस को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने कहा कि फसलों की उत्पादकता बढ़ाने तथा रसायनों एवं उर्वरकों के इस्तेमाल पर निर्भरता घटाने के लिए ऑर्गेनिक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिए जाने की आवश्यकता है।
सरकार का प्रयास एक तरफ उत्पादकता बढ़ाना तो दूसरी ओर लागत खर्च में कमी लाना है ताकि किसानों को उसके उत्पादों का वास्तिवक मूल्य सुनिश्चित करने में सहयता मिल सके।
क्रय मूल्य एवं बिक्री मूल्य के बीच अंतर को पाटने के लिए परिवहन खर्च में कमी लाने की आवश्यकता है और इसके उपायों का सुझाव देने के लिए एक समिति गठित की गई है। उत्पादकता बढ़ाने के लिए राज्यों को केन्द्र के साथ मिलकर काम करने की जरूरत है।
कृषि मंत्री का कहना था कि भारत को संसार में सबसे बड़ा खाद्य बास्केट बनाने के लिए खेती की पद्धति में बदलाव करने की जरूरत है और नई-नई विधि तथा तकनीक को अधिक से अधिक अपनाने पर जोर दिया जाना चाहिए। भारत सरकार विभिन्न मंत्रालयों और रज्य सरकारों द्वारा दिए जाने वाले सभी सुझावों पर अमल करने के लिए तैयार है।
इस अवसर पर अपने सम्बोधन में केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री ने सभी राज्य सरकारों से आग्रह किया कि बाद-वर्षा एवं आंधी-तूफान से फसलों को हुई क्षति से प्रभावित किसानों की सहायता के लिए तुरंत ठोस उपाय किए जाएं।
इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारियों एवं अनुसंधानकर्ताओं को बाजार में आने वाले कृषि इनपुट की क्वालिटी का निरीक्षण-परीक्षण भी करना चाहिए।
रबी फसलों की बिजाई आरंभ हो चुकी है और सरकार ने इसका न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) भी घोषित कर दिया है। खाद-बीज की उपलब्धता बढ़ाई जा रही है।
