2025-26 में विश्व स्तर पर 16 लाख टन अधिशेष चीनी के उत्पादन का अनुमान
18-Nov-2025 12:05 PM
लन्दन। अंतर्राष्ट्रीय चीनी संगठन (आईएसओ) की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि 2024-25 सीजन के दौरान विश्व स्तर पर उपयोग के मुकाबले 29.20 लाख टन कम चीनी का उत्पादन हुआ था जबकि 2025-26 के सीजन में 16 लाख टन का अधिशेष उत्पादन हो सकता है। दक्षिणी गोलार्द्ध के देशों में चीनी के उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी देखी जा रही है।
आईएसओ की तिमाही रिपोर्ट के मुकाबले 2025-26 सीजन के दौरान चीनी का वैश्विक उत्पादन बढ़कर 18.18 करोड़ टन पर पहुंचने का अनुमान है जो 2024-25 सीजन के अनुमानित उत्पादन 17.62 करोड़ टन से काफी अधिक है।
इसके तहत खासकर भारत, थाईलैंड और पाकिस्तान में उत्पादन बढ़ने के अच्छे आसार हैं। हालांकि समीक्षाधीन अवधि के दौरान विश्व स्तर पर चीनी का उपयोग भी 17.91 करोड़ टन से बढ़कर 18.02 करोड़ टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है लेकिन फिर भी यह 18.18 करोड़ टन के उत्पादन से 16 लाख टन कम रहेगा।
इससे पूर्व चीनी का वैश्विक उपयोग 2023-24 के सीजन में उछलकर 18.12 करोड़ टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंचा था।
आईएसओ के अनुसार 2025-26 सीजन के दौरान चीनी का वैश्विक कारोबार कुछ बढ़कर 6.47 करोड़ टन पर पहुंच सकता है जो 2024-25 सीजन के 6.39 करोड़ टन से 8 लाख टन ज्यादा है।
आयात मांग की तुलना में निर्यात के लिए चीनी का अधिशेष स्टॉक उपलब्ध रहेगा जिससे चीनी के वैश्विक बाजार मूल्य पर कुछ हद तक दबाव बरकरार रह सकता है।
संगठन ने अगस्त की रिपोर्ट में चीनी की वैश्विक आयात मांग 6.38 करोड़ टन रहने का अनुमान लगाया था जिसे नवम्बर की रिपोर्ट में घटकर 6.30 करोड़ टन नियत कर दिया।
चीनी का वैश्विक बकाया अधिशेष स्टॉक 2025-26 सीजन के अंत में 9.50 करोड़ टन रहने का अनुमान लगाया गया है। भारत में चीनी के उत्पादन में जोरदार बढ़ोत्तरी होने की संभावना व्यक्त की गई है।
