46 वां रबी तेल-तिलहन सेमिनार 14-15 मार्च (शनिवार-रविवार) को भरतपुर में होगा

07-Jan-2026 05:50 PM

नई दिल्ली। देश के सबसे प्रमुख सरसों उत्पादक प्रान्त- राजस्थान के महत्वपूर्ण व्यापारिक केन्द्र- भरतपुर में आगामी 14-15 मार्च 2026 को दो दिवसीय रबी तिलहन-तेल सेमिनार का आयोजन करने का निर्णय लिया गया है।

स्वदेशी वनस्पति तेल उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के शीर्ष संगठन- सेंट्रल आर्गेनाइजेशन फॉर ऑयल इंडस्ट्री एंड ट्रेड (कोएट) के तत्वाधान में मस्टर्ड ऑयल प्रोसेसर्स एसोसिएशन (मोपा) द्वारा इस महत्वपूर्ण एवं उपयोगी सेमिनार का आयोजन किया जाएगा जिसमें देश के सभी भागों से प्रतिनिधि भाग लेंगे।

ज्ञात हो कि इससे पूर्व वर्ष 2022 में भी भरतपुर में इस सेमिनार का आयोजन किया गया था जो बेहद सफल और यादगार रहा था। इस वर्ष का आयोजन उससे भी बेहतर होने की उम्मीद है। 

रबी तिलहन-तेल सेमिनार, 2026 में तिलहन फसलों के घरेलू उत्पादन, खाद्य तेलों के स्टॉक, संभावित आयात, बाजार भाव, उपयोग एवं कारोबार आदि से सम्बन्धित विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा और सरसों इसके केन्द्र में रहेगी।

राजस्थान सहित अन्य अग्रणी उत्पादक प्रांतों में सरसों की बिजाई समाप्त हो चुकी है और इसका क्षेत्रफल गत वर्ष से आगे रहा। मध्य मार्च में जब सेमिनार आयोजित होगा तब तक सरसों सहित अन्य रबी तिलहन फसलों की जोरदार कटाई-तैयारी हो रही होगी और तब उत्पादन का अनुमान लगाने में आसानी होगी।