इंडोनेशिया में मूंगफली आयात के लिए नई कोटा प्रणाली लागू

28-Apr-2026 10:59 AM

जकार्ता। घरेलू उत्पादन को प्रोत्साहित करने तथा विदेशों से आयात पर निर्भरता घटाने के उद्देश्य से इंडोनेशिया सरकार ने मूंगफली के आयात हेतु सख्त गुणवत्ता मानकों के साथ नई कोटा प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है। इससे वहां भारत से मूंगफली का निर्यात प्रभावित होने की आशंका है। 

सरकारी नियम के अनुसार गैर कोटा सिस्टम के अंतर्गत मूंगफली का जो आयात अनुबंध किया गया उसे 7 मई तक इंडोनेशिया के बंदरगाह पर पहुंचना आवश्यक है और इसके बाद कोटा प्रणाली के तहत इसका आयात सौदा किया जा सकेगा।

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार आमतौर पर नियमों में इस तरह का बदलाव होने पर आयातकों को माल मंगाने के लिए 90 दिन का समय दिया जाता है लेकिन वर्तमान नियम के तहत केवल 14 दिन का ही समय दिया गया है। 

इस नियम की सबसे मुश्किल शर्त यह है कि इंडोनेशिया को मूंगफली का शिपमेंट करने वाले निर्यातकों को वैश्विक अच्छे कृषिगत प्रक्रियाओं (जीएपी) का प्रमाण पत्र लेना आवश्यक होगा।

इस तरह का प्रमाणपत्र हासिल करने में 3 से 6 माह तक का समय लग जाता है और इसे प्राप्त करना आसान भी नहीं होता है। इसका मतलब यह हुआ कि अगले 3 से 6 महीनों तक इंडोनशिया को मूंगफली का निर्यात संभव नहीं हो सकेगा। कोटा सिस्टम के अंतर्गत आयात मात्रा की सीमा का निर्धारण किया जा सकता है।