आंध्र प्रदेश में जायद फसलों का रकबा 27.60 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा

02-Apr-2026 01:29 PM

विजयवाड़ा। दक्षिण भारत के एक महत्वपूर्ण कृषि उत्पादक राज्य- आंध्र प्रदेश में विस्तारित रबी सीजन  (ग्रीष्मकालीन का जायद सीजन) की फसलों का उत्पादन क्षेत्र इस बार उछलकर 27.60 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है जो गत वर्ष की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 18.80 लाख हेक्टेयर से 47 प्रतिशत ज्यादा है। राज्य कृषि विभाग के अनुसार यह रकबा सामान्य औसत क्षेत्रफल 20.70 लाख हेक्टेयर से भी अधिक है। 

कृषि विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल की तुलना में चालू वर्ष के दौरान आंध्र प्रदेश में धान का उत्पादन क्षेत्र 6.72 लाख हेक्टेयर से उछलकर 9.19 लाख हेक्टेयर, मक्का का रकबा 1.86 लाख हेक्टेयर से उछलकर 9.19 लाख हेक्टेयर, मक्का का रकबा 1.86 लाख हेक्टेयर से उछलकर 5.02 लाख हेक्टेयर तथा ज्वार का बिजाई क्षेत्र 79 हजार हेक्टेयर से बढ़कर 1.15 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। 

इसी तरह रबी कालीन दलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र भी गत वर्ष के 7.29 लाख हेक्टेयर से बढ़कर इस बार 9.20 लाख हेक्टेयर हो गया। इसके तहत चना का बिजाई क्षेत्र 2.87 लाख हेक्टेयर से उछलकर 4.12 लाख हेक्टेयर, उड़द का क्षेत्रफल 2.85 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 3.34 लाख हेक्टेयर तथा मूंग का रकबा 57 हजार हेक्टेयर से सुधरकर 79 हजार हेक्टेयर पर पहुंचा यह 1 अप्रैल 2026 तक का आंकड़ा है।

तिलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र भी इस अवधि में 75 हजार हेक्टेयर से बढ़कर 1.37 लाख हेक्टेयर हो गया। इसके तहत मूंगफली का बिजाई क्षेत्र 52 हजार हेक्टेयर से उछलकर 92 हजार हेक्टेयर तथा तिल का क्षेत्रफल 19 हजार हेक्टेयर से सुधरकर 20 हजार हेक्टेयर पर पहुंच गया।