आंध्र प्रदेश में पीडीएस के तहत 20 रुपए किलो की दर से गेहूं आटा की बिक्री
27-Dec-2025 03:57 PM
विजयवाड़ा। आंध्र प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से लाभार्थियों के बीच आपूर्ति के लिए गेहूं आटे का दाम 20 रुपए प्रति किलो निर्धारित किया है जो जनवरी 2026 से प्रभावी हो जाएगा। राज्य के खाद्य, उपभोक्ता मामले एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने इस आशय का एक सर्कुलर जारी कर दिया है।
सर्कुलर के अनुसार "टाइड-ओवर" श्रेणी के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा राज्य को गेहूं का जो आवंटन किया गया है उसकी मिलिंग करके उससे आटा का निर्यात किया जा रहा है और पीडीएस के तहत इसकी आपूर्ति की जा रही है। इससे लाभार्थियों को गेहूं मिलिंग के खर्च की बचत होगी, सस्ता आटा मिलेगा और खपत (उपयोग) करने में सुविधा होगी।
गेहूं की मिलिंग प्रक्रिया के अंतर्गत आटा का निर्माण, पैकिंग, परिवहन, संचालन एवं प्रशासनिक खर्च आदि शामिल है। इसके अलावा केन्द्र सरकार द्वारा घोषित निर्यात मूल्य पर गेहूं की खरीद होगी और उसका खर्च भी शामिल होगा इन सभी खर्चों का परीक्षण किए जाने के बाद अंतिम उपभोक्ता के लिए गेहूं के आटे का दाम 20 रुपए प्रति 20 किलो नियत किया गया है
जिसमें उचित दर की दुकानों में डीलर्स को होने वाले 1 रुपए प्रति किलो के कमीशन का भुगतान भी सम्मिलित है। यह निर्णय राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून, 2013 के प्रावधानों के अनुरूप लिया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह संशोधित मूल्य केवल पीडीएस के तहत वितरित होने वाले गेहूं आटे के लिए लागू और अगले वर्ष जनवरी से प्रभावी होगा।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण भारत में अवस्थित आंध्र प्रदेश देश के ऐसे राज्यों में शामिल है जहां गेहूं का उत्पादन नहीं या नगण्य होता है और चावल ही लोगों का मुख्य खाद्य आहार बना हुआ है। लेकिन अब धीरे-धीरे वहां गेहूं उत्पादों की खपत भी बढ़ रही है।
