अगले सप्ताह तक समूचे देश में पहुंच सकता है मानसून
30-Jun-2026 07:40 PM
नई दिल्ली। धीमी चाल एवं कम तीव्रता के बावजूद दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। फिलहाल इसकी दिशा पश्चिमोत्तर भारत की ओर है जहां यह अगले दो-तीन दिनों में सक्रिय हो सकता है। धरातल पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन तथा बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दाब के क्षेत्र का निर्माण एवं विकास हो रहा है जो मानसून को आगे बढ़ाने में सहायक साबित होगा।
मानसून में कुछ ठहराव आ गया था लेकिन जल्दी ही इसकी गतिशीलता बढ़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में पश्चिमोत्तर भारत में इसके पहुंचने की उम्मीद व्यक्त की है। ज्ञात हो मानसून राजस्थान के पश्चिमी भाग में सबसे अंत में पहुंचता है और सबसे पहले वहां से प्रस्थान भी करने लगता है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में गुजरात के और अधिक भाग, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों, बिहार तथा झारखडं में मानसून के पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो गई हैं। इसके बाद मानसून उत्तराखंड तथा उत्तर प्रदेश में सक्रिय होगा।
दक्षिण-पश्चिम मानसून की गतिशीलता उसके बाद भी जारी रहेगी और यह आगे बढ़कर समूचे मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान एवं गुजरात के शेष भागों में पहुंच जाएगा।
इन सभी इलाकों में किसान मानसून की वर्षा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं ताकि खरीफ फसलों की खेती के लिए उचित माहौल तैयार हो सके। इसके साथ ही मानसून देश के सभी भागों को कवर कर लेगा। इसकी सख्त जरूरत भी है।
