अक्टूबर में भारत से चावल का निर्यात बढ़कर 1 अरब डॉलर से ऊपर पहुंचा
18-Nov-2024 03:11 PM
नई दिल्ली । चावल का निर्यात बढ़ाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है।
अक्टूबर 2024 में भारत से चावल का निर्यात तेजी से उछलकर 1.06 अरब डॉलर के करीब पहुंच गया जो अक्टूबर 2023 के निर्यात 56.565 करोड़ डॉलर से लगभग 86 प्रतिशत अधिक रहा। सितम्बर 2024 में 69.435 करोड़ डॉलर मूल्य के चावल का निर्यात हुआ था।
पिछले दो महीनों के दौरान सरकार ने चावल की निर्यात नीति को उदार बनाने के लिए अनेक उपायों की घोषणा की थी। इसमें सफेद गैर बासमती चावल का व्यापारिक निर्यात की अनुमति देना सेला चावल पर निर्यात शुल्क को वापस लेना तथा बासमती चावल के लिए लागू 950 डॉलर प्रति टन और सफेद चावल के लिए लागू 490 डॉलर प्रति टन के न्यूनतम निर्यात मूल्य (मेप) को समाप्त करना शामिल था।
इसके फलस्वरूप भारत से साबुत श्रेणी की सभी किस्मों के चावल का निर्यात पूरी तरह नियंत्रण मुक्त और शुल्क मुक्त हो गया तथा वैश्विक बाजार में इसकी प्रतिस्पर्धी क्षमता भी बढ़ गई।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार चालू वित्त वर्ष के शुरूआती सात महीनों में यानी अप्रैल-अक्टूबर 2024 के दौरान भारत से निर्यात होने वाले चावल की आमदनी बढ़कर 6 अरब 17 करोड़ 13 लाख 50 हजार डॉलर पर पहुंच गई जो पिछले साल की निर्यात आय से 5.27 प्रतिशत अधिक रही।
अप्रैल-अक्टूबर 2023 में भारत से 5 अरब 86 करोड़ 22 लाख 30 हजार डॉलर मूल्य के चावल का निर्यात हुआ था। ध्यान देने की बात है कि अप्रैल सितम्बर 2023 की निर्यात आमदनी 529.658 करोड़ डॉलर से 3.33 प्रतिशत कम थी। लेकिन अक्टूबर के शानदार निर्यात ने इस कमी को आसानी से पूरा कर दिया।
