अप्रैल-अक्टूबर के सात महीनों में 4.21 लाख टन अरंडी तेल का निर्यात
18-Nov-2024 08:50 PM
मुम्बई । चालू वित्त वर्ष के शुरूआती सात महीनों में यानी अप्रैल-अक्टूबर 2024 के दौरान देश से कुल 4.21 लाख टन अरंडी तेल का निर्यात होने का अनुमान है जिससे 5117 करोड़ रुपए की आमदनी प्राप्त हुई।
सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष अप्रैल में 881.35 करोड़ रुपए मूल्य के 72,801 टन तथा मई में 1066.24 करोड़ रुपए मूल्य के 89,786 टन अरंडी तेल का शानदार निर्यात हुआ था मगर उसके बाद शिपमेंट में गिरावट आने लगी।
जून में निर्यात घटकर 59,737 टन रह गया जिससे 694.93 करोड़ रुपए की आय हुई। जुलाई में निर्यात और भी गिरकर 47,387 टन पर आयात और आमदनी भी घटकर 596.32 करोड़ रुपए रह गई। अगस्त में निर्यात की मात्रा सुधरकर 49,473 टन आमदनी सुधरकर 607.55 करोड़ रुपए पर पहुंची।
सितम्बर में 53,625 टन अरंडी तेल के निर्यात से 668.96 करोड़ रुपए तथा अक्टूबर 2024 में 48,209 टन के शिपमेंट से 601.65 करोड़ रुपए की आमदनी हुई।
इसके मुकाबले वर्ष 2023 के अप्रैल में 59,452 टन, मई में 60,557 टन, जून में 32,335 टन, जुलाई में 67,393 टन, अगस्त में 56,479 टन, सितम्बर में 49,717 टन तथा अक्टूबर में 47,473 टन अरंडी तेल का शिपमेंट हुआ था।
प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक वित्त वर्ष 2023-24 की सम्पूर्ण अवधि 8005.12 करोड़ रुपए मूल्य के 6,46,702 टन अरंडी तेल का निर्यात हुआ था।
आंध्र प्रदेश-तेलंगाना में अरंडी के नए माल की आवक शुरू हो गई है जबकि राजस्थान में अगले महीने से तथा गुजरात में जनवरी-फरवरी से इसकी आपूर्ति आरंभ होने की उम्मीद है।
