अर्जेन्टीना में सोयाबीन के बिजाई क्षेत्र में भारी बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद

06-Sep-2024 12:03 PM

ब्यूनस आयर्स । लैटिन अमरीकी देश- अर्जेन्टीना में चालू वर्ष के दौरान सोयाबीन के बिजाई क्षेत्र में भारी बढ़ोत्तरी होने की संभावना है क्योंकि वहां मक्का की खेती के प्रति किसानों का उत्साह एवं आकर्षण काफी घटने के संकेत मिल रहे हैं। अर्जेन्टीना में मक्का की बिजाई सितम्बर में तथा सोयाबीन की बिजाई अक्टूबर में शुरू होती है। 

अर्जेन्टीना में 2023-24 के सीजन के दौरान कीड़ों-रोगों के भयंकर प्रकोप से मक्का की फसल को भारी नुकसान हुआ और उत्पादकों को आर्थिक हानि उठानी पड़ी।

इस बार भी फसल इससे प्रभावित हो सकती है इसलिए किसान आशंकित है। इसे देखते हुए के विश्लेषक ने वहां 2024-25 के सीजन में मक्का का उत्पादन क्षेत्र करीब 49 लाख एकड़ घटने का अनुमान लगाया है और इस बचे हुए क्षेत्रफल में सोयाबीन की खेती होने की संभावना व्यक्त की है। 

रोजारियो ग्रेन्स एक्सचेंज के अनुसार पिछले साल अर्जेन्टीना में सोयाबीन का कुल उत्पादन क्षेत्र 415 लाख एकड़ रहा था जबकि चालू वर्ष में यह उछलकर 460 लाख एकड़ से ऊपर पहुंच सकता है

जो पिछले एक दशक का सबसे बड़ा क्षेत्रफल होगा। अगर सोयाबीन के रकबे में कुल 49 लाख एकड़ का इजाफा होता है तो यह किसी एक सीजन का सबसे ऊंचा स्तर होगा।

इससे पूर्व वहां सोयाबीन के उत्पादन क्षेत्र में वर्ष 2012 में 30 लाख एकड़, 2008 में 35 लाख एकड़ तथा 2003 में 47 लाख एकड़ की भारी वृद्धि हुई थी। 

अर्जेन्टीना संसार में सोयाबीन का तीसरा सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि सोया तेल एवं सोयामील के निर्यात में प्रथम स्थान पर रहता है।

भारत में सोयातेल का सर्वाधिक आयात अर्जेन्टीना से ही किया जाता है। 2022-23 सीजन के दौरान वहां सोयाबीन के उत्पादन में जबरदस्त गिरावट आ गई थी मगर 2023-24 के सीजन में उत्पादन बढ़कर पुनः सामान्य स्तर पर आ गया। 2024-25 के सीजन में उत्पादन कुछ और बढ़ने की उम्मीद है।