अर्जेन्टीना में सोयाबीन का उत्पादन 480 लाख टन होने का अनुमान

27-Apr-2026 01:10 PM

ब्यूनर्स आयर्स। लैटिन अमरीकी देश- अर्जेन्टीना में चालू वर्ष के दौरान सोयाबीन का सकल उत्पादन 480 लाख टन होने का अनुमान है। वहां फसल की जोरदार कटाई-तैयारी जारी है।

रोजारियो ग्रेंस एक्सचेंज ने अपनी रिपोर्ट में सोयाबीन के बिजाई क्षेत्र का आंकड़ा कुछ घटा दिया है मगर फसल की औसत उपज दर में वृद्धि की संभावना व्यक्त की है। 

एक्सचेंज ने पहले सोयाबीन का क्षेत्रफल 160 लाख हेक्टेयर आंका था जिसे अब 2 लाख हेक्टेयर घटाकर 158 लाख हेक्टेयर (390 लाख एकड़) नियत किया है।

औसत उपज दर में वृद्धि के आधार पर एक्सचेंज ने अर्जेन्टीना में सोयाबीन का उत्पादन 490 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है जबकि ब्यूनस आयर्स ग्रेन्स एक्सचेंज ने 485 लाख टन तथा अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने 480 लाख टन के उत्पादन की संभावना व्यक्त की है।

अगैती कटाई वाली फसल की उपज दर उत्साहवर्धक देखी जा रही है। यह उपज दर उत्तरी कोर एरिया में 3960 किलो प्रति हेक्टेयर तथा दक्षिणी कोर क्षेत्र में 4200 किलो प्रति हेक्टेयर दर्ज की गई। एक्सचेंज ने राष्ट्रीय स्तर पर सोयाबीन की औसत उपज दर 3750 किलो प्रति हेक्टेयर या 55.8 बुशेल प्रति एकड़ रहने का अनुमान लगाया है। फसल की कटाई जारी है।