अर्जेन्टीना में सोयाबीन का उत्पादन 490 लाख टन होने का अनुमान

07-May-2025 11:26 AM

ब्यूनस आयर्स। दक्षिण अमरीका महाद्वीप में अवस्थित ब्राजील के पड़ोसी देश- अर्जेन्टीना में 2024-25 के वर्तमान सीजन में सोयाबीन का उत्पादन 490 लाख टन तक पहुंचने का अनुमान है।

हालांकि शुरूआती चरण में वहां 535 लाख टन के उत्पादन की संभावना व्यक्त की गई थी लेकिन मौसम की प्रतिकूल स्थिति के कारण फसल को काफी नुकसान हो गया और कुछ इलाकों में इसकी दोबारा बिजाई करनी पड़ी।

जब फसल की प्रगति का समय था तब अर्जेन्टीना के अनेक इलाकों में मौसम काफी गर्म तथा शुष्क बना रहा और लम्बे समय तक अच्छी बारिश नहीं होने से फसल के विकास में बाधा पड़ी।

इसके बाद जब फसल की कटाई-तैयारी का समय आया तब वहां मूसलाधार बारिश होने लगी। खेतों में पानी जमा हो जाने से पकी हुई फसल को काटने में किसानों को भारी दिक्कत होने लगी और सोयाबीन के दाने की क्वालिटी भी प्रभावित होने लगी। वहां फसल की कटाई-तैयारी अभी जारी है।

कुछ समीक्षकों का मानना है कि अर्जेन्टीना में इस बार सोयाबीन का उत्पादन 480 लाख टन से ज्यादा नहीं होगा क्योंकि कुछ राज्यों में फसल की हालत संतोषजनक नहीं देखी जा रही है।

किसान भी अपने उत्पाद की सीमित बिक्री कर रहे हैं क्योंकि उन्हें आगे इसका ऊंचा दाम मिलने की उम्मीद है। पिछले  सप्ताह तक अर्जेन्टीना में कुल संभावित उत्पादन के सापेक्ष करीब 24 प्रतिशत सोयाबीन की बिक्री हो सकी जिसमें पूर्व अनुबंधित मात्रा भी शामिल है। इसका अग्रिम सौदा फसल की कटाई से पहले ही हो गया था। 

ब्राजील और अमरीका के बाद अर्जेन्टीना संसार में सोयाबीन का तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि सोयातेल एवं सोयामील के निर्यात में प्रथम स्थान पर रहता है। भारत में सोयाबीन तेल का सर्वाधिक आयात अर्जेन्टीना से ही किया जाता है जबकि वहां से सूरजमुखी तेल भी मंगाया जाता है।