अर्जेंटीना में सोयाबीन की बिजाई मध्य अक्टूबर से आरम्भ होने की सम्भावना
04-Oct-2024 03:16 PM
ब्यूनस आयर्स। लैटिन अमरीकी देश-अर्जेंटीना में वर्षा की कमी से मौसम शुष्क चल रहा है जबकि तापमान भी ऊंचा हो गया है। आमतौर पर वहां इस समय मौसम शुष्क एवं गर्म ही रहता है। पिछले सप्ताह ब्यूनस आयर्स प्रान्त के देशं-पूर्वी भाग में हल्की बारिश हुई थी लेकिन अन्य क्षेत्रों में वर्षा का अभाव देखा जा रहा है। समूचे देश में तापमान सामान्य औसत से ऊपर हो गया है।
सामन्यतः अर्जेंटीना में अक्टूबर के आरम्भ से सोयाबीन की बिजाई शुरू हो जाती है मगर इस बार किसानों को बारिश का इन्तजार करना पड़ रहा है। समझा जाता है कि वहां मध्य अक्टूबर से बिजाई की प्रक्रिया शुरू हो सकती है लेकिन इसके लिए मौसम का अनुकूल होना आवश्यक है। सोयाबीन के उत्पादन क्षेत्र में कमी या वृद्धि मक्का के क्षेत्रफल पर निर्भर करेगी। अर्जेंटीना के किसान अब मक्का के बजाए सोयाबीन की खेती को विशेष प्राथमिकता देने लगे हैं। यह देन्ह्ना दिलचस्प होगा कि इस बार किसानों का झुकाव किस फसल की तरफ ज्यादा रहता है। निस्संदेह इसमें मौसम की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहेगी। यदि मौसम सामान्य से ज्यादा शुष्क रहा और अगले कुछ सप्ताहों तक बारिश की कमी बरकरार रही तो किसान मक्का की बिजाई का ख़तरा नहीं उठाना चाहेगा और इसके बजाए अधिक से अधिक बारिश होने का इन्तजार करेगा ताकि सोयाबीन का रकबा बढ़ाने में सहायता मिल सके। वहां सोयाबीन की बिजाई दो चरणों में और लम्बे समय तक चलती रहती है।
ब्यूनस आयर्स ग्रेन एक्सचेंज ने 2024-25 के सीजन में अर्जेंटीना में 520 लाख टन सोयाबीन के उत्पादन का अनुमान लगाया है जबकि एक अग्रणी विश्लेषक का कहना है कि कुल वास्तविक पैदावार 570 लाख टन तक पहुंच सकती है क्योंकि वहां मक्का का रकबा घटने तथा सोयाबीन का क्षेत्रफल बढ़ने की संभाना है। अर्जेंटीना संसार में सोयाबीन का तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि सोया तेल एवं सोयामील के निर्यात में अमरीका और ब्राजील से भी आगे प्रथम स्थान पर रहता है। भारत में सोयाबीन तेल का सर्वाधिक आयात अर्जेंटीना से ही किया जाता है। ब्राजील में भी मौसम की हालत अनुकूल नहीं है।
