बाहरी दलहन पर टैक्स के विरोध में 4 दिसंबर को दाल मिलों की हड़ताल
03-Dec-2024 11:47 AM
जयपुर । 4 दिसंबर को राजस्थान के दाल मिल संचालक प्रदेश में बाहर से मंगवाए जाने वाले दलहन पर मंडी शुल्क के विरोध में एक दिन की सांकेतिक हड़ताल करेंगे।
प्रदेश दाल मिल महासंघ समिति ने इस संबंध में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र भी लिखा है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि दोहरे कर से प्रदेश की लगभग 466 दाल प्रोसेसिंग इकाइयाँ बंद होने की कगार पर हैं। इसका प्रभाव इन इकाइयों में काम करने वाले कर्मचारियों और श्रमिकों के रोजगार पर भी पड़ेगा।
समिति के अनुसार, दूसरे प्रदेशों की दाल मिलों से मुकाबला करने में राजस्थान की दाल मिलों को काफी परेशानी हो रही है। खासकर, बैंकों का कर्ज चुकाना मुश्किल हो रहा है, क्योंकि किसी अन्य प्रदेश में इस तरह का अतिरिक्त कर नहीं लिया जा रहा है।
प्रदेश के बाहर से आने वाले कच्चे माल को मंडी टैक्स से मुक्त करने की आवश्यकता जताई गई है, क्योंकि पहले से ही राजस्थान में 1.60 प्रतिशत मंडी टैक्स लिया जा रहा है।
महासंघ ने यह भी कहा है कि कोरोनाकाल में लागू किए गए कृषि कल्याण शेष को अब समाप्त कर देना चाहिए। यदि सरकार ने दोहरे कर को समाप्त नहीं किया, तो यह निवेशकों में नकारात्मक संदेश भेजेगा, और इससे उद्योग पर और बुरा असर पड़ेगा।
