भारत में चीनी का उत्पादन 323 लाख टन होने का अनुमान

14-Feb-2026 04:32 PM

मुम्बई। एक अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय सेवा फर्म फर्म ने 2025-26 के सीजन में भारत में चीनी का उत्पादन बढ़कर 323 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान लगाते हुए कहा है कि देश में गन्ना की क्रशिंग एवं चीनी के उत्पादन की प्रकिया इस बार अधिक समय तक जारी रहेगी। खासकर महाराष्ट्र में चीनी का उत्पादन तेजी से बढ़ने की उम्मीद है।

दूसरी ओर इस वित्तीय सेवा कम्पनी ने 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन में चीनी के वैश्विक अधिशेष उत्पादन का अनुमान अब 8 लाख टन घटाकर 29 लाख टन निर्धारित कर दिया है। इसका प्रमुख कारण ब्राजील में चीनी के कुल अनुमानित उत्पादन में 10 लाख टन से भी ज्यादा की कटौती होना है। 

फर्म के अनुसार गन्ना की बेहतर आपूर्ति के लिए ब्राजील के मध्य दक्षिणी क्षेत्र में मार्च तक वर्षा का अच्छा दौर जारी रहना आवश्यक है। मालूम हो कि इस लैटिन अमरीकी देश में करीब 90 प्रतिशत चीनी का उत्पादन मध्य दक्षिणी भाग में होता है। ब्राजील दुनिया में चीनी का सबसे बड़ा उत्पादक एवं निर्यातक देश है। वहां गन्ना क्रशिंग का नया सीजन अप्रैल में आरंभ होगा। 

2025-26 के मौजूदा सीजन में भारत के साथ-साथ थाईलैंड एवं चीन में भी चीनी का उत्पादन बढ़ने का अनुमान लगाया गया है। फर्म ने थाईलैंड में 105 लाख टन, चीन में 115 लाख टन तथा यूरोपीय संघ (ब्रिटेन सहित) में 168 लाख टन चीनी के उत्पादन का अनुमान लगाया है।