बांग्ला देश को मक्का निर्यात में भारत से आगे निकला ब्राजील
24-Apr-2026 01:45 PM
ढाका। बांग्ला देश भारतीय मक्का का प्रमुख परम्परागत खरीदार रहा है मगर अब वह भारत के बजाए ब्राजील एवं अमरीका से इसके आयात को प्राथमिकता दे रहा है। इसके फलस्वरूप ब्राजील अब भारत को काफी पीछे छोड़कर बांग्ला देश को मक्का का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता देश बन गया है।
बांग्ला देश में पशु आहार, पॉल्ट्री फीड एवं अक्वा फीड के उद्योग का तेजी से विकास-विस्तार हो रहा है और इसलिए मक्का की मांग एवं खपत अनवरत बढ़ती जा रही है। वर्षों से बांग्ला देश के आयातक भारत से भारी मात्रा में मक्का मंगाते रहे हैं क्योंकि इसका दाम प्रतिस्पर्धी रहता है, दोनों देशों के बीच दूरी बहुत कम है और डिलीवरी में समय भी कम लगता है।
लेकिन भारत की यह लाभप्रद स्थिति वर्ष 2024 से समाप्त होने लगी। एक तो भारत में एथनॉल के निर्माण में मक्का का भारी उपयोग होने लगा और दूसरे, इसकी कीमतों में भी काफी तेजी आ गई।
मक्का का निर्यात योग्य स्टॉक काफी घट गया। इससे बांग्ला देश को अन्य आपूर्तिकर्ताओं की तरफ रुख करना पड़ा। ब्राजील ने इसका पूरा फायदा उठाया और बांग्ला देश को तेजी से मक्का का निर्यात शिपमेंट शुरू कर दिया।
वर्ष 2025 में बांग्ला देश और अमरीका के बीच एक व्यापार समझौता हुआ और फिर वहां अमरीकी मक्का का आयात नए सिरे से शुरू हो गया जो 2018 से बंद था।
