भारत में चीनी का उत्पादन 355 लाख टन पर पहुंचने का उस्डा पोस्ट का अनुमान
04-Oct-2024 02:22 PM
नई दिल्ली। अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) की विदेश कृषि सेवा (फास) के भारतीय प्रतिनिधि कार्यालय (उस्डा पोस्ट) ने कहा है कि चालू वर्ष के दौरान भारत में दक्षिण पश्चिम मानसून की भरपूर बारिश हुई है जिससे गन्ना से चीनी की औसत रिकवरी दर तथा गन्ना की औसत उपज दर में सुधार आने के आसार हैं। इसके आधार पर 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) में चीनी का घरेलू उत्पादन बढ़कर 355 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है लगाया गया है जो उस्डा के आधिकारिक अनुमान 345 लाख टन से 10 लाख टन ज्यादा है। उस्डा पोस्ट ने 2023-24 सीजन के दौरान भारत में 340 लाख टन चीनी उत्पादन आंका है जो उस्डा के आधिकारिक अनुमान के बराबर ही है।
उस्डा पोस्ट ने 355 लाख टन चीनी का जो उत्पादन अनुमान लगाया है वह कच्ची चीनी (रॉ शुगर) का है जो 332 लाख टन रवेदार (क्रिस्टल) या सफ़ेद छनी (खांडसारी सहित) के समतुल्य है। दूसरी ओर भारत की शीर्ष उद्योग संस्था-इंडियन शुगर एंड बायो एनर्जी मैन्युफेक्चरर्स एसोसिएशन (इस्मा) ने 2024-25 के सीजन में 333.1 लाख टन चीनी के उत्पादन के सम्भावना व्यक्त की है। उस्डा पोस्ट ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की भरपूर वर्षा होने से भारत में गन्ना की फसल को काफी फायदा हुआ।
अच्छी वर्षा होने से महाराष्ट्र एवं कर्नाटक जैसे राज्यों में पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो गयी है और चीनी मिलों को इसकी कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसी तरह उत्तर प्रदेश में भी इस बार पर्याप्त बारिश हुई है। उल्लेखनीय है कि भारत में महाराष्ट्र चीनी का सबसे बड़ा उत्पादक राज्य है जबकि उत्तर प्रदेश दूसरे और कर्नाटक तीसरे नम्बर पर रहता है। इसके अलावा गुजरात, तमिलनाडु, बिहार, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना सहित कुछ अन्य राज्यों में भी गन्ना एवं चीनी का उत्पादन होता है।
लेकिन उस्डा पोस्ट ने 2024-25 सीजन के लिए भारत में गन्ना का बिजाई क्षेत्र 1 प्रतिशत गिरकर 5 लाख हेक्टेयर रह जाने की सम्भावना व्यक्त की है जो इस्मा तथा केंद्रीय कृषि मंत्रालय के अनुमानित आकड़ों से कम है। पोस्ट का कहना है कि इस बार उत्तरी कर्नाटक एवं महाराष्ट्र के कुछ भागों में किसानों ने गन्ना का क्षेत्रफल घटा दिया और अन्य फसलों का रकबा बढ़ा दिया। लेकिन ऊंची उपज दर के कारण राष्ट्रीय स्तर पर गन्ना का कुल उत्पादन पिछले सीजन के 4155 लाख टन से 1 प्रतिशत बढ़कर इस बार 4180 लाख टन पर पहुंच जाने की उम्मीद है।
