भारत में मक्का का आयात बढ़ने का अमरीका का अनुमान

08-Oct-2024 08:44 AM

लास वेगास। अमरीका में मक्का एवं सोयाबीन के एक अग्रणी राज्य-आयोवा के कॉर्न ग्रोअर्स एसोसिएशन का मानना है कि भारत में मक्का का निर्यात बढ़ने की अच्छी सम्भावना है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में आयोबा के गवर्नर तथा कृषि मंत्री के साथ एसोसिएशन के अध्यक्ष ने भी भारत का दौरा किया था और यहाँ उसने मक्का के अल्पकालीन एवं दीर्घकालीन निर्यात की संभावनाओं का पता लगाया था। एसोसिएशन के अध्यक्ष का कहना है कि यह मिशन (दौरा) भविष्य के लिए मक्का के बाजार का निर्माण करने के बारे में था।

अमरीका दुनिया में मक्का का सबसे बड़ा उत्पादक एवं निर्यातक देश है। वहां नई फसल की कटाई-तैयारी आरम्भ हो चुकी है। हालांकि भारत में जीएम मक्का के आयात पर प्रतिबन्ध लगा हुआ है जबकि अमरीका में मुख्यतः इसी श्रेणी के मक्का का उत्पादन होता है। इसे देखते हुए अमरीका से मक्का मंगाए जाने की सम्भावना नगण्य हैं लेकिन एथनोल निर्माण में उपयोग के लिए यदि भारत सरकार जीएम मक्का के आयात की विशेष अनुमति देती है तो अमरीका को भारी फायदा हो सकता है। वैसे जैसी स्थिति है ब्राजील तथा अर्जेंटीना से अमरीका को कठिन चुनौती मिल सकती है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष के अनुसार भारत और अमरीका के बीच व्यापारिक सम्बन्ध काफी मजबूत हैं इसलिए भारत सरकार अपनी नीति में परिवर्तन कर सकती है। भारत अमरीकी एथनोल का तीसरा सबसे प्रमुख आयातक है लेकिन यहाँ एथनोल का उपयोग मुख्यतः औद्योगिक उद्देश्य में किया जाता है। निकट भविष्य में यह भारत के लिए अच्छा अवसर होगा कि वह अमरीका से सोयाबीन तथा ड्राइड डिस्टीलर्स ग्रेन का आयात करे जिसका इस्तेमाल पशु आहार तथा पोल्ट्री फीड बनाने में किया जा सकता है। वैसे फ़िलहाल इसकी सम्भावना बहुत कम है।