भारत में पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की अवधि के निर्णय का कनाडा ने किया स्वागत
17-Sep-2024 01:59 PM
सस्काटून । भारत सरकार द्वारा पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा को 31 अक्टूबर से बढ़ाकर 31 दिसम्बर 2024 तक नियत करने का जो निर्णय लिया गया है उसका कनाडा के उत्पादकों एवं निर्यातकों ने जोरदार स्वागत किया है।
वस्तुतः कनाडा भारत को पीली मटर की आपूर्ति करने वाला प्रमुख देश है। पल्स कनाडा के अध्यक्ष ने कहा है कि स्वदेशी उद्योग के लिए यह अत्यन्त महत्वपूर्ण खबर है। इससे कनाडा के उत्पादकों को राहत मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने पहले पहल दिसम्बर 2023 में पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति 31 मार्च 2024 तक के लिए दी थी और फिर इसकी अवधि बढ़ाई जाने लगी।
जनवरी से जुलाई 2024 के साथ महीनों में कनाडा से भारत को 7.30 लाख टन पीली मटर का निर्यात किया गया। वैसे भारत में पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की अवधि बढ़ाने के निर्णय के समय पर कनाडा के उत्पादकों एवं निर्यातकों को थोड़ी हैरानी हो रही है
क्योंकि शीघ्र ही देश में मटर की बिजाई आरंभ होने की संभावना है और विदेशों से विशाल आयात जारी रहने पर किसान हतोत्साहित हो सकते हैं।
अक्सर देखा गया है कि भारत सरकार इस तरह की कोई घोषणा अंतिम समय में या कभी-कभार समय सीमा बीतने के बाद ही करती है मगर इस बार डेढ़ माह पूर्व ही इस आशय का निर्णय ले लिया गया।
पल्स कनाडा वर्षों से भारत में इस बात के लिए लांचिंग कर रहा है कि उसे नीतिगत निर्णय की जानकारी नियत समय से काफी पहले मिल सके।
भारत में पहले कनाडा से मसूर के साथ-साथ मटर का भी विशाल आयात होता था मगर बाद में मसूर का आयात तो जारी रहा लेकिन मटर का आयात बंद हो गया। समझा जाता है कि दाल-दलहन की कीमतों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से भारत सरकार ने समयावधि बढ़ाई है।
एक विश्लेषक के मुताबिक भारत में अभी 10-11 लाख टन पीली का विशाल स्टॉक मौजूद है और विदेशों से आयात भी जारी है।
अगस्त से अक्टूबर 2024 तक शिपमेंट के लिए 6 से 8 लाख टन के बीच पीली मटर के आयात का अनुबंध किया जा चुका है जबकि अब नवम्बर-दिसम्बर शिपमेंट के लिए अलग से सौदे होने की उम्मीद है।
