भारतीय बंदरगाहों पर खाद्य तेल के स्टॉक में मामूली बढ़ोत्तरी
30-Dec-2025 05:09 PM
मुम्बई। भारतीय बंदरगाहों पर 30 नवम्बर 2025 को कुल मिलाकर 9,47,005 टन खाद्य तेलों का स्टॉक मौजूद था जो 15 दिसम्बर 2025 को 0.49 प्रतिशत की मामूली वृद्धि के साथ 9,51,673 टन पर पहुंच गया
यद्यपि इस अवधि के दौरान क्रूड पाम तेल (सीपीओ) के स्टॉक में काफी कमी आई मगर अन्य खाद्य तेलों- आरबीडी पामोलीन, क्रूड सोयाबीन तेल तथा क्रूड सूरजमुखी तेल आदि के स्टॉक में अच्छी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 30 नवम्बर के मुकाबले 15 दिसम्बर 2025 को बंदरगाहों पर सीपीओ का स्टॉक 5,88,378 टन से 16 प्रतिशत घटकर 4,93,462 टन रह गया लेकिन आरबीडी पामोलीन का स्टॉक 10,632 टन से 63 प्रतिशत उछलकर 17,326 टन पर पहुंच गया।
इसी तरह समीक्षाधीन अवधि के दौरान क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल का स्टॉक 2,15,550 टन से सुधरकर 2,66,404 टन तथा क्रूड सूरजमुखी तेल का स्टॉक 1,23,265 टन से 32 प्रतिशत बढ़कर 1,62,610 टन पर पहुंचा।
सोया तेल के स्टॉक में 24 प्रतिशत का इजाफा हुआ। उसके अलावा अन्य खाद्य तेलों का स्टॉक भी 4180 टन से 29 प्रतिशत बढ़कर 11871 टन पर पहुंच गया।
उल्लेखनीय है कि भारत में पाम संवर्ग के क्रूड एवं रिफाइंड खाद्य तेल का आयात मुख्यतः इंडोनेशिया, मलेशिया एवं थाईलैंड से, क्रूड सोयाबीन तेल के आयात अर्जेन्टीना तथा ब्राजील से ओर क्रूड सूरजमुखी तेल का आयात रूस, अर्जेंटीना तथा यूक्रेन आदि देशों से किया जाता है।
इसके अलावा नेपाल से सीमा (सड़क) मार्ग से भी खाद्य तेल मंगाया जाता है मगर वह बंदरगाहों के स्टॉक में शामिल नहीं होता है। भारत दुनिया में खाद्य तेलों का सबसे प्रमुख आयातक देश बना हुआ है।
