ब्राजील में अगले सीजन में उत्पादन घटने के अनुमान से चीनी वायदा में सुधार
25-Dec-2025 04:28 PM
न्यूयार्क। एक अग्रणी परामर्श फर्म ने लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील में चीनी का उत्पादन 2025-26 सीजन के 435 लाख टन से 3.91 प्रतिशत घटकर 2026-27 के सीजन में 418 लाख टन पर सिमट जाने का अनुमान लगाया है जिससे इसके वैश्विक वायदा मूल्य को समर्थन मिल रहा है।
न्यूयार्क एक्सचेंज में मार्च अनुबंध के लिए कच्ची चीनी (रॉ शुगर का वायदा ) भाव 0.12 सेंट प्रति पोंड (0.79 प्रतिशत) तथा लंदन एक्सचेंज में सफेद चीनी का वायदा मूल्य 3.30 डॉलर (0.76 प्रतिशत) प्रति टन सुधर गया।
सलाहकार फर्म ने 2026-27 सीजन के दौरान ब्राजील से चीनी का निर्यात भी 11 प्रतिशत घटकर 300 लाख टन पर अटक जाने की संभावना व्यक्त की है।
पिछले सप्ताह चीनी का वायदा भाव गिरकर गत 5 सप्ताह के निचले स्तर पर आ गया था। भारत सरकार 15 लाख टन चीनी के निर्यात की अनुमति पहले ही दे चुकी है जबकि यह कयास लगाया जा रहा था कि चीनी के निर्यात कोटे में अतिरिक्त बढ़ोत्तरी हो सकती है।
खाद्य सचिव ने संकेत दिया था कि यदि विशाल उत्पादन से भारी-भरकम स्टॉक बनने की नौबत आई तो निर्यात कोटा बढ़ाने पर विचार किया जा सकता है।
भारत दुनिया में ब्राजील के बाद चीनी का दूसरा सबसे बढ़ा उत्पादक देश है और पिछले सीजन की तुलना में इस बार वहां उत्पादन में बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है।
इस्मा ने चीनी का उत्पादन 18.8 प्रतिशत उछलकर 310 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है दूसरी ओर एथनॉल निर्माण में चीनी का उपयोग घटकर 34 लाख टन रह जाने की संभावना है।
इससे कुल बकाया स्टॉक में अच्छी बढ़ोत्तरी हो सकती है। 1 अक्टूबर से 15 दिसम्बर 2025 के दौरान देश में 78.50 लाख टन चीनी का उत्पादन आंका गया जो पिछले साल से 28 प्रतिशत अधिक रहा।
