ब्राजील में कम उत्पादन से चीनी के वैश्विक बाजार में मजबूती के आसार
14-Oct-2024 08:39 PM
साओ पाउलो । ब्राजील में गन्ना और चीनी का सर्वाधिक (90 प्रतिशत) उत्पादन मध्य दक्षिण क्षेत्र में होता है जहां वर्षा के अभाव, ऊंचे तापमान, शुष्क मौसम तथा जंगलों-खेतों में लग रही भाग से गन्ना की फसल क्षतिग्रस्त हो रही है।
इसके फलस्वरूप विभिन्न विश्लेषकों द्वारा वहां चीनी के उत्पादन में 10 लाख टन की कटौती कर दी गई है। गन्ना की पैदावार का अनुमान भी काफी घटाया जा रहा है।
उद्योग समीक्षकों के अनुसार वर्षा की कमी एवं तेज गर्मी के कारण मध्य दक्षिणी क्षेत्र में न केवल गन्ना की औसत उपज दर प्रभावित हो रही है बल्कि गन्ना से चीनी की रिकवरी दर में भी कमी आ रही है।
हालांकि अप्रैल से अगस्त तक मध्य दक्षिणी क्षेत्र में चीनी का उत्पादन सामान्य रहा मगर सितम्बर से इसमें कमी आने लगी। अभी गिरावट ज्यादा नहीं आई है क्योंकि अच्छी क्वालिटी के गन्ने की आपूर्ति एवं क्रशिंग ज्यादा हो रही है मगर जब आग और गर्मी से झुलसे गन्ना की आपूर्ति बढ़ेगी तब चीनी के उत्पादन पर असर पड़ेगा।
मध्य दक्षिणी क्षेत्र में गन्ना का उत्पादन अनुमान 1.7 प्रतिशत घटाकर 59 करोड़ टन नियत किया गया है। उस्डा पोस्ट ने पूरे ब्राजील में चीनी का उत्पादन अनुमान 440 लाख टन से 10 लाख टन घटाकर 430 लाख टन निर्धारित किया है।
इसमें से यदि देश के उत्तरी एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र में होने वाले 10 प्रतिशत (40-45 लाख टन) उत्पादन को अलग कर दिया जाए तो मध्य दक्षिणी क्षेत्र का उत्पादन 400 लाख टन से भी नीचे आ जाएगा। उत्तरी क्षेत्र में उत्पादित चीनी का उपयोग देश की घरेलू मांग एवं जरूरत को पूरा करने में किया जाता है।
