ब्राजील में सोयाबीन बिजाई की रफ्तार गत वर्ष से तेज
14-Oct-2025 01:18 PM
ब्रासीलिया। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील में सोयाबीन फसल की बिजाई सितम्बर में ही आरंभ हो गई थी और 3 अक्टूबर तक करीब 9 प्रतिशत क्षेत्र में इसकी प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी।
पिछले साल 3 अक्टूबर तक वहां महज 4 प्रतिशत क्षेत्र में ही बिजाई संभव हो पाई थी। चालू वर्ष की बिजाई की गति को अब तक की दूसरी सबसे तेज रफ्तार माना जा रहा है इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि ब्राजील में इस बार मौसम एवं वर्षा की हालत सामान्य है और सोयाबीन की खेती के प्रति किसानों में उत्साह एवं आकर्षण भी बरकरार है।
उल्लेखनीय है कि ब्राजील दुनिया में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। उसके दो शीर्ष उत्पादक प्रांतों- माटो ग्रोसो एवं पराना में बिजाई की गति काफी तेज है।
3 अक्टूबर 2025 तक माटो ग्रोसो में 15 प्रतिशत तथा पराना में 26 प्रतिशत क्षेत्र में सोयाबीन की बिजाई पूरी हो चुकी थी जबकि अन्य राज्यों की बिजाई सबसे अंत में शुरू होती है।
चालू माह (अक्टूबर) के शुरूआती 15 दिनों के दौरान ब्राजील के अधिकांश भागों में मौसम आमतौर पर शुष्क रहा था बारिश कम हुई लेकिन अगले 15 दिनों में वहां अच्छी वर्षा होने की उम्मीद है। इससे किसानों को सोयाबीन की बिजाई की रफ्तार बढ़ाने का अच्छा अवसर मिल सकता है।
चीन में ब्राजील से विशाल मात्रा में सोयाबीन का आयात हो रहा है और इससे किसानों को अच्छी आमदनी प्राप्त हो सकती है और यदि मौसम की हालत अनुकूल रही तो इस महत्वपूर्ण तिलहन का उत्पादन 20 लाख टन की बढ़ोत्तरी के साथ 1750 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच सकता है। 2024-25 के सीजन में भी ब्राजील में सोयाबीन का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ।
