ब्राजील से अगले साल 4.60 लाख टन सोया तेल का निर्यात होने का अनुमान
27-Oct-2025 05:42 PM
परानागुआ। लैटिन अमरीका में स्थित ब्राजील दुनिया में सोयाबीन का सबसे बड़ा उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि वहां से भारी मात्रा में सोयाबीन तेल एवं सोयामील का निर्यात भी किया जाता है।
एक अग्रणी विश्लेषक फर्म के अनुसार ब्राजील में सोयाबीन का उत्पादन 2024-25 सीजन के 1718 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर से उछलकर 2025-26 के सीजन में 1785 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान है। इसके फलस्वरूप सोयाबीन का निर्यात भी 1095 लाख टन से बढ़कर 1110 लाख टन पर पहुंच सकता है।
विश्लेषक फर्म के मुताबिक ब्राजील में सोयाबीन की क्रशिंग-प्रोसेसिंग चालू सीजन के 585 लाख टन से 20 लाख टन बढ़कर अगले मार्केटिंग सीजन में 605 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है
जिससे सोयाबीन तेल का उत्पादन 117 लाख टन से बढ़कर 121 लाख टन तथा सोयामील का उत्पादन 451 लाख टन से उछलकर 466 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है। इसके फलस्वरूप सोया तेल एवं सोयामील के निर्यात योग्य स्टॉक में बढ़ोत्तरी होगी।
विश्लेषक फर्म के अनुसार ब्राजील से 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में 23.60 लाख टन सोया तेल का निर्यात होने की संभावना है जबकि 2025-26 के सीजन में इसका शिपमेंट एक लाख टन बढ़कर 24.60 लाख टन पर पहुंचने के आसार हैं।
इसके बावजूद ब्राजील में सोयाबीन तेल का आयात 25 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ 1.25 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया जा रहा है।
2025-26 के मार्केटिंग सीजन में ब्राजील के सोयाबीन कॉम्प्लैक्स में सभी मोर्चे पर प्रदर्शन अब अपने शिखर पर पहुंचने की उम्मीद की जा रही है। फिलहाल वहां इस महत्वपूर्ण तिलहन की बिजाई जोर-शोर से जारी है और इसका रकबा कुछ बढ़ने की उम्मीद है।
मौसम की हालत बिजाई एवं फसल के लिए अनुकूल बताई जा रही है। अगर आगे भी हालत अनुकूल रहे तो जनवरी 2026 के प्रथम या दूसरे सप्ताह से वहां सोयाबीन की नई फसल की कटाई-तैयारी आरंभ हो जाएगी। चीन ब्राजीलियन सोयाबीन का सबसे बड़ा खरीदार बना हुआ है।
