ब्राजील से सोयाबीन के निर्यात की गति तेज
22-Dec-2025 06:02 PM
ब्रासीलिया। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील के विदेश व्यापार सचिवालय द्वारा जारी आंकड़ों से पता चलता है कि सोयाबीन के निर्यात शिपमेंट में भारी बढ़ोत्तरी हो रही है। चालू माह के शुरूआती 12 दिनों में वहां से 16.50 लाख टन सोयाबीन का शिपमेंट हो गया जबकि दिसम्बर 2024 के पूरे माह के दौरान 20.06 लाख टन का निर्यात हुआ था।
इससे घरेलू प्रभाग में आपूर्ति बढ़ने का स्पष्ट संकेत मिलता है। अगले महीने से ब्राजील में सोयाबीन की नई फसल की कटाई-तैयारी शुरू होने वाली है और 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान वहां इसका उत्पादन उछलकर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने की उम्मीद है इसलिए नई फसल आने से पहले किसान अपने स्टॉक की बिक्री बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
समीक्षकों के अनुसार ब्राजील से सोयाबीन का भारी निर्यात होने से अंतर्राष्ट्रीय बाजार पर आपूर्ति का दबाव बढ़ने की संभावना है जिससे कीमतों में नरमी आ सकती है।
सहकारी एजेंसी- कोनाब की रिपोर्ट के मुताबिक चालू वर्ष के आरंभिक 11 महीनों में यानी जनवरी से नवम्बर 2025 के दौरान ब्राजील से सोयाबीन का निर्यात तेजी से उछलकर 1047.90 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया जिससे 42 अरब डॉलर की आमदनी हुई। इससे पूर्व वहां से वर्ष 2021 में 1018.70 लाख टन सोयाबीन का रिकॉर्ड निर्यात हुआ था।
ब्राजील से लगभग 70 प्रतिशत सोयाबीन का निर्यात अकेले चीन को किया जाता है। चीन में अमरीका से भी अच्छी मात्रा में सोयाबीन मंगाया जाता है लेकिन इस वर्ष कुछ महीनों तक वहां इसका आयात ठप्प रहा जिससे ब्राजील को निर्यात बढ़ाने का अवसर मिल गया।
चीन ने अब थोड़ी-बहुत मात्रा में अमरीका से सोयाबीन खरीदना शुरू कर दिया है लेकिन इससे ब्राजील के निर्यात कारोबार पर कोई असर नहीं पड़ रहा है।
ब्राजील दुनिया में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि चीन इसका सबसे बड़ा खरीदार बना हुआ है।
