बांधों-जलाशयों में 50 प्रतिशत से भी कम पानी का स्टॉक

24-Apr-2026 11:01 AM

नई दिल्ली। केन्द्रीय जल आयोग के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि देश के 166 प्रमुख बांधों-जलाशयों में उसकी कुल भंडारण क्षमता के मुकाबले पानी का स्टॉक घटकर 50 प्रतिशत से नीचे और 40 प्रतिशत से कुछ ऊपर रह गया है।

इन जलाशयों में केवल 74.999 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) पानी का स्टॉक बचा हुआ है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता 183.565 बीसीएम का महज 40.86 प्रतिशत है। इसके बावजूद पानी का यह स्टॉक गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में 14.7 प्रतिशत बिंदु एवं दस वर्षीय औसत के मुकाबले 26.1 प्रतिशत बिंदु ज्यादा है। 

इन 166 जलाशयों में से 110 में पानी का स्तर 50 प्रतिशत से नीचे और उसमें भी 78 सरोबर में 40 प्रतिशत से कम है। केवल 10 बांधों में 80 प्रतिशत या उससे अधिक पानी का स्टॉक बचा हुआ है। 

मौसम विभाग के अनुसार 1 मार्च से 22 अप्रैल के बीच देश के 725 जिलों में से 34 प्रतिशत जिलों में वर्षा नहीं या नगण्य हुई जबकि तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे स्थिति और बिगड़ सकती है।