चाइनीज मुनक्का के आयात पर अंकुश लगाने की मांग
30-Dec-2025 12:04 PM
नासिक। घरेलू बाजार में चाइनीज मुनक्का का भारी आयात होने से महाराष्ट्र अंगूर एवं मुनक्का उत्पादकों की चिंता काफी बढ़ गई है और वे सरकार से इस पर अंकुश लगाने की जोरदार मांग कर रहे हैं।
समझा जाता है कि चाइनीज मुनक्का का प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से विशाल आयात हो रहा है जिससे घरेलू प्रभाग में इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता काफी बढ़ गई है और कीमतों में नरमी आ गई है। मुनक्का के दाम में पिछले 8.10 दिनों के अंदर करीब 40 रुपए प्रति किलो की गिरावट आने की शिकायत की जा रही है।
महाराष्ट्र ग्रैप ग्रोअर्स एसोसिएशन के अनुसार चीन में मुनक्का का नया सीजन नवम्बर से आरंभ हो गया। वहां से मुनक्का पहले दुबई में निर्यात होता है और फिर अफगानिस्तान के रास्ते भारत में इसे पहुंचाया जाता है।
कुछ भारतीय व्यापारी इसे अफगानी मुनक्का के रूप में मंगाते हैं और फिर घरेलू बाजार में उसका बिक्री करते हैं। इससे बाजार में असंतुलन पैदा हो रहा है।
महाराष्ट्र में अंगूर एवं मुनक्का के प्रमुख उत्पादक केन्द्र- सांगली में उत्पादक चीन के इस मुनक्का के आयात की टाइमिंग को ज्यादा खतरनाक बता रहे हैं।
उत्पादकों का कहना है कि शीत गृहों (कोल्ड स्टोरेज) में पिछले सीजन के लगभग 20 हजार टन मुनक्के का भारी-भरकम स्टॉक मौजूद है।
चालू वर्ष में उत्पादन कम होने की संभावना से इस बकाया स्टॉक वाले मुनक्के से उत्पादकों को अच्छी आमदनी प्राप्त होने की उम्मीद थी लेकिन सस्ते दाम पर विशाल-आयात होने से यह उम्मीद धूमिल पड़ती जा रही है। पिछले सप्ताह लगभग 5 टन चाइनीज मुनक्का सांगली बाजार में पहुंच गया।
