चीन को मसालों के निर्यात में सावधानी बरतने की सलाह
26-Jun-2026 05:56 PM
कोच्चि। मसाला बोर्ड ने चीन को मसालों एवं मसाला उत्पादों का शिपमेंट करने वाले सभी भारतीय निर्यातकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने तथा कीटनाशी रसायनों के उच्चतम अवशेष स्तर (सीमा) के बारे में चीन के राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मानकों का सही ढंग से पालन करने का सुझाव दिया है ताकि वहां भारतीय मसालों की खेपों को अस्वीकार न किया जा सके।
मसाला बोर्ड द्वारा जारी ट्रेड एडवायजरी में एक लिंक दिया गया है जिस पर क्लिक करके निर्यातक यह पता लगा सकते हैं कि चीन में किस मसाला या मसाला उत्पाद में कीटनाशी रसायनों का अधिकतम कितना अवशेष उपस्थित होना चाहिए।
उस सीमा से अधिक अवशेष की मौजूदगी वाली खेपों को वहां अस्वीकार किया जा सकता है। चाइनीज सरकार द्वारा लागू किए गए अवशेष सीमा मानकों का सख्ती से पालन किया जाना आवश्यक है।
चीन भारतीय लालमिर्च एवं जीरा जैसे मसालों का प्रमुख आयातक है। हाल ही में उसने भारतीय लालमिर्च की कुछ खेपों को नामंजूर किया है जिसे भारत ने गंभीरता से लिया है। वैसे चीन में भारतीय मसालों का निर्यात शिपमेंट जारी है।
