चीनी के उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी के संकेत
24-Dec-2025 09:37 PM
नई दिल्ली। देश के सभी उत्पादक राज्यों में गन्ना की क्रशिंग एवं चीनी के उत्पादन की प्रक्रिया जोर शोर से जारी है। इसमें उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र एवं कर्नाटक जैसे शीर्ष उत्पादक राज्यों के साथ-साथ गुजरात,
तमिलनाडु, बिहार, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना जैसे सामान्य उत्पादन वाले प्रान्त तथा राजस्थान, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा जैसे सीमित उत्पादन करने वाले राज्य भी शामिल है।
चीनी मिलों को पर्याप्त मात्रा में गन्ना प्राप्त हो रहा है जिससे उसे अपनी कुल संचित क्रशिंग क्षमता का अधिक से अधिक उपयोग करने का अवसर मिल रहा है।
इस बार न केवल गन्ना की औसत उपज दर एवं कुल पैदावार में भी अच्छी बढोत्तरी होने की उम्मीद है बल्कि गन्ना से चीनी की औसत रिकवरी दर में भी सुधार आने के आसार हैं।
इसके आरंभिक संकेत भी मिल रहे हैं। महाराष्ट्र में चीनी की औसत रिकवरी दर पिछले साल के 8.20 प्रतिशत से सुधरकर इस बार 8.52 प्रतिशत पर पहुंच गई।
राज्य में 21 दिसम्बर तक 38 लाख टन से अधिक चीनी का उत्पादन हो चुका था जिसके लिए 446 लाख टन गन्ना की क्रशिंग करनी पड़ी। उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में भी गन्ना की जोरदार क्रशिंग हो रही है जिससे चीनी का उत्पादन गत वर्ष से ज्यादा हो रहा है।
चीनी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। अगले कुछ दिनों में जनवरी 2026 के लिए चीनी की घरेलू बिक्री का फ्री सेल कोटा घोषित होने वाला है। यदि कोटा कम या सामान्य रहा तो मिलर्स पर दबाव घट सकता है।
