चीन में आयात ठप्प होने से अमरीकी सोयाबीन निर्यातकों को धक्का
26-Dec-2025 09:10 PM
बीजिंग। पहले अमरीका से सोयाबीन का सर्वाधिक निर्यात चीन को होता था मगर अब हालात पूरी तरह बदल गए हैं। चालू वर्ष के दौरान चीन में अमरीकी सोयाबीन के आयात की गति अत्यन्त सुस्त देखी जा रही है। यह सिलसिला मई 2025 के बाद से ही जारी है जो पिछले महीने भी बरकरार रही।
नवम्बर 2025 में चीन में अमरीकी सोयाबीन का कोई आयात नहीं हुआ जबकि नवम्बर 2024 में वहां 27.90 लाख टन का आयात किया गया था। दूसरी ओर चीन में ब्राजील से इसी अवधि में सोयाबीन का आयात 48.5 प्रतिशत बढ़कर 58.50 लाख टन तथा अर्जेन्टीना से आयात 633.6 प्रतिशत उछलकर 17.80 लाख टन पर पहुंच गया।
दुनिया के सबसे प्रमुख आयातक देश- चीन में नवम्बर 2025 के दौरान कुल 81.10 लाख टन सोयाबीन का आयात हुआ। जिसमें ब्राजील से आयातित माल की भागीदारी 72 प्रतिशत तथा अर्जेन्टीना से आयातित उत्पाद की हिस्सेदारी 22 प्रतिशत रही। सोयाबीन का शेष आयात अन्य देशों से किया गया।
चीन के जेनरल एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ कस्टम (सामान्य सीमा शुल्क प्रशासन) की रिपोर्ट से ज्ञात होता है कि चालू वर्ष के शुरूआती 11 महीनों में यानी जनवरी-नवम्बर 2025 के दौरान चीन में सोयाबीन का कुल आयात तेजी से बढ़कर 1037.90 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया जिससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि चीन को इस महत्वपूर्ण तिलहन के आयात के लिए अमरीका पर निर्भर नहीं रहना पड़ता है।
अमरीका और चीन के बीच व्यापारिक विवाद बना हुआ है और चीन अब अमरीकी दबाव को पूरी तरह नजर अंदाज कर रहा है। इससे अमरीकी उत्पादकों एवं निर्यातकों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। अमरीका में सोयाबीन का विशाल निर्यात योग्य स्टॉक मौजूद है।
जनवरी-नवम्बर 2025 के दौरान चीन में ब्राजील में सोयाबीन का आयात 7 प्रतिशत बढ़कर 767 लाख टन तथा अर्जेन्टीना से आयात 62.5 प्रतिशत उछलकर 62.40 लाख टन पर पहुंच गया। दूसरी ओर अमरीका से सोयाबीन का आयात 5.9 प्रतिशत की गिरावट के साथ 168.20 लाख टन पर अटक गया। यह आयात जनवरी-मई के दौरान हुआ था।
