चीन में अमरीका से सोयाबीन का आयात ठप्प मगर अर्जेन्टीना से आयात बढ़ा
24-Dec-2025 08:45 PM
शंघाई। द्विपक्षीय सहमति बनने के बावजूद चीन द्वारा अमरीका से सितम्बर-नवम्बर 2025 की तिमाही के दौरान सोयाबीन का आयात नहीं किया गया और इसके बजाए चीन के आयातक लैटिन अमरीकी देशों- ब्राजील तथा अर्जेन्टीना से इस महत्वपूर्ण तिलहन की खरीद में दिलचस्पी दिखाते रहे।
उल्लेखनीय है कि अक्टूबर 2025 के अंतिम दिनों में अमरीका और चीन के बीच एक व्यापारिक करार हुआ था जिसमें चीन ने अमरीकी सोयाबीन की खरीद शुरू करने पर सहमति जताई थी।
व्यापार विश्लेषकों के मुताबिक तब से अब तक 70 लाख टन से अधिक सोयाबीन की खरीद हो चुकी थी। नवम्बर के अंतिम दिनों में यह खबर आई थी कि अमरीका से दो जहाज चीन के लिए रवाना होने वाले हैं जिस पर सोयाबीन का स्टॉक मौजूदा होगा।
इसके साथ ही मई 2025 के बाद अमरीकी सोयाबीन की पहली खेप चीन के बंदरगाह पर पहुंचेगी। लेकिन ये दोनों जहाज अभी तक चीन नहीं पहुंचे है और न ही कस्टम विभाग के वेबसाइट पर उसका कोई जिक्र किया गया है।
दूसरी ओर चीन में ब्राजील तथा अर्जेन्टीना से विशाल मात्रा में सोयाबीन का आयात किया जा रहा है। नवम्बर में वहां ब्राजील से सोयाबीन का आयात 48.5 प्रतिशत बढ़कर 58.50 लाख टन पर पहुंचा जो चीन के कुल आयात का 72 प्रतिशत था।
इसी तरह अर्जेन्टीना से आयात छह गुणा से भी ज्यादा उछलकर 17.80 लाख टन पर पहुंचा जो चीन के कुल आयात का 22 प्रतिशत रहा।
शेष सोयाबीन का आयात अन्य देशों से किया गया। इस वर्ष जनवरी से नवम्बर के 11 महीनों में चीन द्वारा कुल मिलाकर करीब 1038 लाख टन सोयाबीन का आयात किया गया।
