चीन में ब्राजील एवं अर्जेन्टीना से सोयाबीन का विशाल आयात

29-Dec-2025 05:32 PM

बीजिंग। सोयाबीन के सबसे प्रमुख खरीदार देश- चीन में पिछले कई महीनों से अमरीकी तिलहन का आयात हुआ है लेकिन फिर भी उसके क्रशर्स-प्रोसेसर्स को कच्चे माल की कमी का कोई संकट नहीं झेलना पड़ रहा है क्योंकि वे ब्राजील एवं अर्जेन्टीना जैसे लैटिन अमरीकी देशों से भारी मात्रा में इसे मंगा रहे हैं।

अमरीका में सोयाबीन की नई फसल की कटाई-तैयारी सितम्बर में आरंभ हुई थी और तभी से चीन में उसका आयात बंद है। अक्टूबर के अंतिम दिनों में दोनों देशों के बीच सोयाबीन के आयात-निर्यात मुद्दे पर सहमति बनी थी लेकिन उसका कोई सार्थक परिणाम अभी तक सामने नहीं आया है। 

दूसरी ओर चीन में ब्राजील-अर्जेन्टीना से सोयाबीन के आयात में जबरदस्त बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। नवम्बर 2024 में चीन ने अमरीका से 22.90 लाख टन सोयाबीन मंगाया था मगर नवम्बर 2025 में एक भी दाने का आयात नहीं किया।

इसके बजाए वहां ब्राजील से सोयाबीन का आयात 48.5 प्रतिशत बढ़कर 58.50 लाख टन तथा अर्जेन्टीना से आयात 633.6 प्रतिशत उछलकर 17.80 लाख टन पर पहुंच गया।

नवम्बर 2025 के दौरान चीन में कुल 81.10 लाख टन सोयाबीन का आयात हुआ जिसमें ब्राजीलियन तिलहन की भागीदारी 72 प्रतिशत तथा अर्जेन्टीना के उत्पाद की हिस्सेदारी करीब 22 प्रतिशत रही। शेष सोयाबीन का आयात अन्य देशों से किया  गया। 

जनवरी से नवम्बर 2025 के 11 महीनों में चीन में ब्राजील से 767 लाख टन, अर्जेन्टीना से 62.40 लाख टन तथा अमरीका से 108.20 लाख टन सोयाबीन मंगाया गया जबकि इसका कुल आयात उछलकर 1037.90 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया।