चीन में मक्का एवं गेहूं का आयात शीघ्र ही जोर पकड़ने की संभावना

22-Dec-2025 08:55 PM

शिकागो। चीन में मक्का तथा गेहूं की नई फसल की कटाई-तैयारी के बाद कीमतों में आये सुधार को देखते हुए लगता है कि वहां इसका उत्पादन घरेलू मांग एवं खपत को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं हुआ है।

दूसरी ओर अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इन दोनों महत्वपूर्ण अनाज का भाव काफी नरम चल रहा है। इससे चीन के आयातकों को भारी मात्रा में मक्का एवं गेहूं मंगाने का प्रोत्साहन मिल सकता है।

प्रमुख निर्यातक देशों में इन दोनों अनाजों का विशाल स्टॉक मौजूद है और इसका शिपमेंट बढ़ाने के लिए उसमें भारी प्रतिस्पर्धा देखी जा रही है। 

कनाडा तथा अमरीका के उत्पादकों एवं निर्यातकों को भरोसा है के चीन के आयातक जल्दी ही गेहूं और मक्का खरीदने के लिए वैश्विक बाजार में सक्रिय हो सकते हैं। कनाडा में इस वर्ष गेहूं का उत्पादन बढ़कर 400 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया गया है जिसमें 293 लाख टन  उत्पादन भी शामिल है।

इसके साथ-साथ वहां शीत कालीन एवं ड्यूरम गेहूं का भी उत्पादन होता है। उसके लिए अच्छी खबर यह है कि 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में गेहूं का निर्यात पिछले साल से आगे चल रहा है। अमरीकी गेहूं का निर्यात सामान्य ढंग से जारी है। चीन में ऑस्ट्रेलिया सहित कई अन्य देशों से गेहूं का भारी आयात किया जाता है। 

एक अग्रणी विश्लेषक का कहना है कि रिकॉर्ड उत्पादन एवं बेहतर वैश्विक मांग को देखते हुए कनाडा से मौजूदा मार्केटिंग सीजन के दौरान गेहूं का निर्यात बढ़कर 240 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है।

समस्या यह है कि चालू वर्ष के दौरान संसार के सभी सात अग्रणी निर्यातक देशों में गेहूं का शानदार उत्पादन हुआ है जबकि इसका संयुक्त उत्पादन नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।

कनाडा को गेहूं की जोरदार  वैश्विक मांग की जरूरत है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ गई है। विशाल स्टॉक के बावजूद अमरीका के मिनिया पोलिस एक्सचेंज में गेहूं का वायदा भाव काफी हद तक स्थिर बना हुआ है जिससे संकेत मिलता है कि आगे इसकी अच्छी मांग निकल सकती है।  

चीन में प्रतिकूल मौसम के कारण गेहूं एवं मक्का की क्वालिटी प्रभावित होने की खबर है। इससे वहां अच्छी क्वालिटी के अनाज की कीमत बढ़ने लगी है क्योंकि इसकी घरेलू आपूर्ति में जटिलता देखी जा रही है।

आयातक इस स्थिति का लाभ उठाने के लिए कनाडा, ऑस्ट्रेलिया एवं अमरीका सहित अन्य निर्यातक देशों से भारी मात्रा में गेहूं एवं मक्का का आयात कर सकते हैं।