चना, मसूर एवं मटर की बिजाई में अच्छी प्रगति
18-Nov-2025 10:58 AM
नई दिल्ली। रबी सीजन की खास तीन मुख्य दलहन फसलों- चना, मसूर एवं मटर की बिजाई में अच्छी प्रगति हो रही है जबकि कुलथी, उड़द, मूंग एवं खेसारी सहित अन्य दलहनों का रकबा या तो गत वर्ष के बराबर या उससे कुछ पीछे चल रहा है।
आधिकारिक आंकड़ों से पता चलता है कि वर्तमान रबी सीजन में 14 नवम्बर 2025 तक दलहन फसलों का कुल घरेलू उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 52.82 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 48.93 लाख हेक्टेयर से 3.89 लाख हेक्टेयर ज्यादा है।
उपलब्धत आंकड़ों के मुताबिक गत वर्ष की तुलना में चालू रबी सीजन के दौरान चना का उत्पादन क्षेत्र 34.04 लाख हेक्टेयर से उछलकर 37.43 लाख हेक्टेयर, मसूर का बिजाई क्षेत्र 6.08 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 6.83 लाख हेक्टेयर तथा मटर का रकबा 4.24 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 4.75 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा। कुलथी का क्षेत्रफल 97 हजार हेक्टेयर दर्ज किया गया जो पिछले साल के बराबर ही है।
दूसरी ओर समीक्षाधीन अवधि के दौरान उड़द का उत्पादन क्षेत्र 98 हजार हेक्टेयर से फिसलकर 79 हजार हेक्टेयर, खेसारी का बिजाई क्षेत्र 1.18 लाख हेक्टेयर से गिरकर 1.04 लाख हेक्टेयर तथा मूंग का रकबा 9 हजार हेक्टेयर से घटकर 5 हजार हेक्टेयर रह गया।
अन्य दलहन फसलों का बिजाई क्षेत्र भी 1.36 लाख हेक्टेयर से गिरकर 95 हजार हेक्टेयर पर आ गया। दलहन फसलों की जोरदार बिजाई अभी जारी है।
चना की खेती में भारतीय किसान इस बार अच्छी दिलचस्पी दिखा रहे हैं क्योंकि एक तो मौसमी परिस्थितियां अनुकूल हैं और दूसरे, विदेशों - खासकर ऑस्ट्रेलिया से इसका बहुत कम आयात हो रहा है।
इसके अलावा सरकार ने चना एवं मसूर के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में अच्छी बढोत्तरों कर दी है और इन दोनों दलहनों पर 10-10 प्रतिशत का आयात शुल्क भी लगा रखा है। मसूर की शत-प्रतिशत खरीद की गारंटी भी दी गई है।
