Home News

चीनी उत्पादन पर असमंजस

28-Nov-2026 11:07 AM

चीनी उत्पादन पर असमंजस

अल नीनो मौसम चक्र के प्रकोप तथा कमजोर मानसून के प्रभाव से इस बार गन्ना की पैदावार में लगभग 5 करोड़ टन की जबरदस्त गिरावट आने की संभावना है जिससे क्रशिंग इकाइयों को कम मात्रा में कच्चा माल प्राप्त होगा और चीनी के उत्पादन में स्वाभाविक रूप से गिरावट आ जाएगी। यदि 10 प्रतिशत की औसत रिकवरी दर के आधार पर भी आंकलन किया जाए तो चीनी का उत्पादन 50 लाख टन तक घट सकता है।

पिछले सीजन में करीब 33-34 लाख टन चीनी के समतुल्य गन्ना अवयवों का उपयोग एथनॉल निर्माण में हुआ था जो इस बार नहीं होगा। यदि इस अंतर को घटा दिया जाए तो भी उत्पादन 15-20 लाख टन तक घटने की आशंका रहेगी। कम बारिश एवं सूखे की वजह से गन्ना की औसत उपज दर एवं चीनी की औसत रिकवरी दर इस बार सामान्य स्तर से नीचे रह सकती है।

फिलहाल क्रशिंग की गति ठीक-ठाक है और दिसम्बर-जनवरी तक पोजीशन सामान्य रह सकती है लेकिन उसके बाद का परिदृश्य जटिल हो सकता है। शीर्ष उद्योग संस्था- इंडियन शुगर एंड बायो एनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (इस्मा) ने गन्ना का क्षेत्रफल 2025-26 सीजन के 57.40 लाख हेक्टेयर से 3.2 प्रतिशत गिरकर 2026-27 के सीजन में 55.50 लाख हेक्टेयर रह जाने का अनुमान लगाया है जबकि सरकारी आंकड़ा इससे कुछ ऊंचा है। 

जहां तक चीनी के उत्पादन का सवाल है तो इसके सम्बन्ध में अलग-अलग आंकड़े सामने आ रहे हैं। सरकार ने 275-285 लाख टन चीनी के उत्पादन का अनुमान लगाया है जबकि इस्मा ने 265 लाख टन के उत्पादन की संभावना व्यक्त की है। व्यापारिक संस्था द्वारा 270 लाख टन के उत्पादन की उम्मीद जताई गई है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर के संगठन भी कुछ इसी तरह का अनुमान लगा रहे हैं।

सभी अनुमान आरंभिक है इसलिए फिलहाल असमंसज की स्थिति बनी हुई है। उद्योग संगठन के मुताबिक 2025-26 के सीजन में करीब 279.70 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था। चीनी उत्पादन की वास्तविक तस्वीर जनवरी के अंत तक सामने आ सकती है।