Home News
28-Nov-2026 12:13 PM
नई दिल्ली। आगामी समय में कुछ ठोस कारणों से मक्का की औधोगिक मांग एवं खपत बढ़ने की उम्मीद है जबकि इसके उत्पादन में गिरावट आने की संभावना है। इसके फलस्वरूप कीमतों में तेजी-मजबूती का माहौल बरकरार रह सकता है। खरीफ कालीन मक्का की पैदावार में कमी आने की आशंका है जबकि रबी कालीन मक्के की बिजाई की गति धीमी चल रही है।
सोयाबीन एवं सोयामील का दाम अत्यन्त ऊंचे स्तर पर होने से पशु आहार एवं पॉल्ट्री फीड निर्माताओं का ध्यान मक्का पर केन्द्रित हो गया है। इस उद्योग में मांग एवं खपत तेजी से बढ़ने के आसार हैं। केन्द्र सरकार ने 2026-27 के खरीफ सीजन में 260 लाख टन मक्का के घरेलू उत्पादन का अनुमान लगाया है जो 2025-26 सीजन से कम है।
सरकारी आंकड़ों से पता चलता है कि मक्का का उत्पादन 2024-25 के 434 लाख टन से उछलकर 2025-26 के सीजन में 550 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया जिससे कीमतों पर लम्बे समय तक दबाव बना रहा।
अब हालात बदल रहे हैं। खराब मौसम एवं कम रकबे की वजह से खरीफ सीजन में उत्पादन घटने तथा रबी सीजन में भी उत्पादन कमजोर रहने की संभावना है। उद्योग-व्यापार समीक्षकों के मुताबिक 2026-27 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन में मक्का का कुल घरेलू उत्पादन 500 लाख टन तक भी पहुंचना मुश्किल लगता है।
एथनॉल उद्योग में भी इस बार मक्का की मांग एवं खपत बढ़ने की संभावना है क्योंकि सरकार ने एथनॉल उत्पादन में गन्ना जूस, शुगर सीरप एवं बी हैवी शीरा के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है। मोटे अनुमान के अनुसार नवम्बर 2026 से अगस्त 2027 के दस महीनों में एथनॉल निर्माण उद्योग में करीब 135 लाख टन मक्का का उपयोग हो सकता है। मजबूत मांग के कारण मक्का का भाव सरकारी समर्थन मूल्य से ऊंचा चल रहा है।