छोटी इलायची- निर्यात में शानदार वृद्धि
19-Feb-2026 06:43 PM
नई दिल्ली। ग्वाटेमाला में छोटी इलायची का उत्पादन घटने के कारण चालू सीजन के दौरान भारतीय छोटी इलायची के निर्यात में शानदार वृद्धि हुई है। मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025-26 के शुरूआती आठ माह में छोटी इलायची का निर्यात 96 प्रतिशत बढ़ा है जबकि आय में 132 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल- नवम्बर-2025 के दौरान छोटी इलायची का निर्यात 8648 टन का हुआ और निर्यात से प्राप्त आय 2115.81 करोड़ की रही। जबकि अप्रैल-नवम्बर-2024 में निर्यात 4402 टन का रहा था और प्राप्त आय 913.67 करोड़ की रही थी।
वर्ष 2024-25 (अप्रैल-मार्च) के दौरान छोटी इलायची का कुल निर्यात 6728 टन का रहा था। वर्तमान स्थिति को देखते हुए संभावना व्यक्त की जा रही है कि चालू सीजन के दौरान छोटी इलायची का निर्यात नया रिकॉर्ड स्तर बना सकता है। इससे पूर्व वर्ष 2021-22 में छोटी इलायची का रिकॉर्ड निर्यात 10571 टन का हुआ था।
