छत्तीसगढ़ में 1 दिसम्बर से दलहन-तिलहन की सरकारी खरीद का निर्णय

24-Nov-2025 04:15 PM

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 1 दिसम्बर 2025 से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीफ कालीन दलहनों अरहर (तुवर), मूंग एवं उड़द तथा तिलहनों-मूंगफली  एवं सोयाबीन की सरकारी खरीद आरंभ करने का निर्णय लिया गया है।

छत्तीसगढ़ कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा किसानों से प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के अंतर्गत मूल्य समर्थन योजना के तहत उपरोक्त दलहनों-तिलहनों की खरीद सुनिश्चित की जाएगी। राज्य के कृषि मंत्री ने किसानों से एकीकृत किसान पोर्टल में अपनी फसल के बिजाई क्षेत्र का रजिस्ट्रेशन करवाने की अपील की है। 

एक आधिकारिक बयान के अनुसार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर उड़द, मूंग, सोयाबीन तथा मूंगफली की सरकारी खरीद 1 दिसम्बर 2025 से आरंभ होकर 28 फरवरी 2026 तक जारी रहेगी जबकि अरहर (तुवर) की खरीद की अवधि 15 फरवरी से 15 मई 2026 तक निर्धारित की गई है।

छत्तीसगढ़ में रबी कालीन दलहन-तिलहन फसलों की बिजाई आरंभ हो चुकी है और इसकी खरीद की समय सीमा भी निर्धारित कर दी गई है।

इसके तहत सरसों की सरकारी खरीद का समय 15 फरवरी से 15 मई 2026 तक तथा चना एवं मसूर की खरीद का समय 1 मार्च से 30 मई 2026 तक नियत किया गया है। 

छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री ने राज्य के किसानों को सुझाव दिया है कि यदि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तथा सरकारी खरीद का लाभ उठाना चाहते हैं तो उन्हें मूंग उड़द,अरहर,

सोयाबीन एवं मूंगफली की बिक्री के लिए निकटवर्ती सहकारी समितियां में एकीकृत किसान पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपनी फसल के क्षेत्रफल का रजिस्ट्रेशन करवा लेना चाहिए और यदि इसमें कोई कठिनाई हो तो कृषि विभाग के फिल्ड स्टाफ से सम्पर्क करना चाहिए।