छत्तीसगढ़ में दलहन-तिलहन की सरकारी खरीद के प्रस्ताव को मंजूरी

26-Dec-2025 09:21 PM

रायपुर। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों से दलहनों एवं तिलहनों की खरीद सुनिश्चित करने के लिए भेजे गए प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।

इसके साथ ही राज्य में अरहर (तुवर), उड़द, मूंग, सोयाबीन एवं मूंगफली की खरीद का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि छत्तीसगढ़ दलहन-तिलहन के शीर्ष उत्पादक राज्यों में शामिल नहीं है लेकिन फिर भी सरकारी खरीद से किसानों को काफी राहत मिलेगी। 

केन्द्र सरकार ने राज्य में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर उपरोक्त दलहन-तिलहन की खरीद के लिए 425 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृति की है।

इन खरीफ कालीन दलहन-तिलहन की खरीफ मार्कफेड द्वारा सहकारी समितियों के माध्यम से की जाएगी। राज्य में उड़द, मूंग, सोयाबीन एवं मूंगफली के नए माल की आवक पहले ही शुरू हो चुकी है।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने खरीफ और रबी सीजन को मिलाकर कुल 1.22 लाख टन दलहन-तिलहन की खरीद प्रस्ताव केन्द्र के पास भेजा था जिसमें से अभी 50 हजार टन की खरीद की स्वीकृति दी गई है।

खरीफ सीजन के लिए इतनी ही मात्रा की खरीद का प्रस्ताव भेजा गया था। शेष 72 हजार टन की खरीद रबी मार्केटिंग सीजन में होने की संभावना है जिसके लिए बिजाई अभी चल रही है। 

केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने फिलहाल छत्तीसगढ़ में 25,530 टन उड़द, 21,330 टन अरहर (तुवर), 4210 टन सोयाबीन, 4210 टन मूंगफली तथा 240 टन मूंग की खरीद के लिए मंजूरी प्रदान की है।

ध्यान देने की बात है कि 2025-26 सीजन के लिए सरकार ने अरहर का एमएसपी 8000 रुपए प्रति क्विंटल, मूंग का 8768 रुपए प्रति क्विंटल, उड़द का 7800 रुपए प्रति क्विंटल तथा सोयाबीन का 5328 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित कर रखा है।