एक बार फिर गेहूं का उत्पादन शानदार होने के आसार

30-Dec-2025 08:40 PM

नई दिल्ली। रबी सीजन के सबसे प्रमुख खाद्यान्न- गेहूं के बिजाई क्षेत्र में पहले भारी बढ़ोत्तरी होने का अनुमान लगाया जा रहा था क्योंकि इसके न्यूनतम समर्थन मूल्य में अच्छा इजाफा किया गया और मौसम की हालत भी अनुकूल चल रही थी। शुरूआती चरण में बिजाई क्षेत्र में वृद्धि का अंतर काफी बढ़ा था मगर अब काफी सिकुड़ गया है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर 20 दिसम्बर 2025 तक गेहूं का उत्पादन क्षेत्र 322.68 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 322.49 लाख हेक्टेयर से महज 19 हजार हेक्टेयर ज्यादा है।

गेहूं का रकबा तो पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 312.35 लाख हेक्टेयर  को 10 लाख हेक्टेयर के अधिक अंतर से पहले ही पार कर चुका है लेकिन 2024-25 के रबी सीजन के रिकॉर्ड बिजाई क्षेत्र 328.04 लाख हेक्टेयर से अभी काफी पीछे है। अधिकांश इलाकों में इसकी बिजाई पूरी हो चुकी है लेकिन कुछ क्षेत्रों में छिटपुट बोआई अभी जारी है। 

गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2024-25 सीजन के 2425 रुपए प्रति क्विंटल से 160 रुपए बढ़ाकर 2025-26 सीजन के लिए 2585 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

धान की भांति गेहूं की सरकारी खरीद भी केन्द्रीय पूल के लिए निश्चित  विशाल मात्रा में की जाती है। इससे किसानों को अपने उत्पाद की बिक्री की चिंता नहीं रहती है।

इस बार कुछ राज्यों में गेहूं के उत्पादन क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है और आगामी महीनों के मौसम अनुकूल रहने पर वहां इसका शानदार उत्पादन हो सकता है।