एमएसपी पैनल की रिपोर्ट शीघ्र ही सार्वजनिक करने की घोषणा

20-Sep-2024 11:24 AM

नई दिल्ली । केन्द्रीय कृषि मंत्री ने घोषणा की है कि विभिन्न फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गठित समिति की रिपोर्ट को शीघ्र ही सार्वजनिक तौर पर जारी किया जाएगा।

तीन विवादास्पद कृषि कानूनों को वापस लेने के बाद सरकार ने इस समिति का गठन किया था। नई सरकार के मौजूदा कार्यकाल के शुरूआती 100 दिनों की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों की सहभागिता में सुधार लाने तथा कृषि क्षेत्र को आधुनिक स्वरूप देने के उद्देश्य से अनेक कदम उठाए जा रहे हैं।

इसमें 'आधुनिक कृषि चौपाल' का प्रचलन शुरू करना भी शामिल है जिसमें कृषि वैज्ञानिक किसानों को नई-नई जानकारी प्रदान करेंगे। अक्टूबर 2024 से दूर दर्शन तथा ऑल इंडिया रेडियो पर इस कार्यक्रम का प्रसारण आरंभ हो जाएगा। 

इसी तरह कृषि मंत्री साप्ताहिक आधार पर 'किसान संवाद' अभियान के तहत कृषि मंत्रालय में किसानों एवं कृषक नेताओं के साथ विचार-विमर्श करेंगे नियामक अनुमोदन की प्रतीक्षा कर रही एचटीबीटी कपास की तकनीक के बारे में कृषि मंत्री ने कहा कि यह काफी संवेदनशील मामला है और व्यापक विचार-विमर्श तथा सलाह-मशविरा करने के बाद ही इसे अनुमोदित किया जाएगा। 

एमएसपी पैनल की रिपोर्ट के बारे में कृषि मंत्री का कहना था कि अभी तक यह रिपोर्ट पूरी तरह तैयार नहीं हुई है लेकिन समिति इस पर लगातार गंभीरतापूर्वक काम कर रही है।

जब रिपोर्ट तैयार हो जाएगी तब इसे सार्वजनिक तौर पर जारी कर दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय कृषि सचिव की अध्यक्षता वाली इस समिति द्वारा अब तक दो दर्जन से अधिक बैठकों एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया जा चुका है।