एनसीडीईएक्स में अगले महीने से पीली मटर में वायदा कारोबार शुरू करने का निर्णय

18-Sep-2024 08:53 PM

मुम्बई । कृषि जिंसों में वायदा कारोबार संचालित करने वाले एक अग्रणी एक्सचेंज-नेशनल कॉमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (एनसीडीईएक्स) में अक्टूबर 2024 के प्रथम सप्ताह से पीली मटर में वायदा कारोबार आरंभ करने का निर्णय लिया गया है।

प्रबंध निदेशक के अनुसार एक्सचेंज के प्लेटफार्म पर कोई भी कारोबार एक संदर्भ बिंदु (रिफरेंस प्वाइंट) के रूप में कार्य करेगा।

उल्लेखनीय है कि भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने जुलाई 2024 में ही एनसीडीईएक्स के प्लेटफार्म पर पीली मटर में वायदा व्यापार दोबारा आरंभ करने की स्वीकृति प्रदान कर दी थी।

ध्यान देने की बात है कि पीली मटर में अंतिम अबार वायदा कारोबार वर्ष 2009 में हुआ था और उसके बाद इसे बंद कर दिया गया क्योंकि व्यापारिक गतिविधियां बहुत कमजोर पड़ गई थी।

एक्सचेंज को उम्मीद है कि अब इसमें बढ़िया व्यापार होगा क्योंकि एक तो देश के अंदर पीली मटर की मांग एवं खपत तेजी से बढ़ती जा रही है और दूसरे, विदेशों-खासकर कनाडा तथा रूस से विशाल मात्रा में इसका आयात भी हो रहा है। 

एनसीडीईएक्स के मैनेजिंग डायरेक्टर के अनुसार कृषि जिंसों में सबसे बड़ी समस्या यह है कि इसमें राष्ट्रीय स्तर पर कोई संदर्भ बिंदु नहीं होता है। कानपुर बनारस में प्रचलित भाव एवं गुजरात में प्रचलित मूल्य के बीच भारी अंतर होगा और किसान केवल 10-15 कि०मी० के क्षेत्र तक ही कारोबार कर पायेंगे।

लेकिन एनसीडीईएक्स में जो कारोबार होगा वह राष्ट्रीय स्तर पर एक रिफरेंस मूल्य बिंदु की भांति कार्य करेगा। मैनेजिंग डायरेक्टर को उम्मीद है कि पीली मटर में इस बार  शुरू होने वाला वायदा कारोबार मूल्य श्रृंखला के सभी भागीदारों को आकर्षित करने में सफल हो जाएगा जिसमें आयातक, घरेलू व्यापारी, किसान, प्रोसेसर्स एवं मिलर्स आदि शामिल हैं। 

ध्यान देने की बात है कि दिसम्बर 2023 में सरकार ने पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति दी थी। शुरुआत में इसकी समय सीमा 31 मार्च 2024 तक नियत की गई थी मगर बाद में उसे 31 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई। अब एक बार फिर दो माह के लिए बढ़ाकर 31 दिसम्बर 2024 तक निर्धारित किया गया है।