एथनॉल निर्माताओं को 90 लाख टन टूटे चावल का आवंटन संभव

25-Mar-2026 07:53 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय खाद्य सचिव ने कहा है कि कैबिनेट के पास एक प्रस्ताव रखा जाएगा जिसमें सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के अंतर्गत वितरित होने वाले चावल में टूटे दाने का अंश 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत नियत करने का सुझाव दिया जाएगा और इसके फलस्वरूप करीब 90 लाख टन टुकड़ी चावल का अतिरिक्त स्टॉक बचेगा। जिसे एथनॉल निर्माताओं को आवंटित किया जा सकता है। 

वर्तमान समय में पीडीएस के अंतर्गत अधिकांशतः 25 प्रतिशत टूटे चावल का वितरण किया जाता है। केन्द्र सरकार पहले ही कुछ राज्यों में मिलर्स को 10 प्रतिशत टूटे चावल की आपूर्ति बढ़ाने का निर्देश दे चुकी है।

भारतीय खाद्य निगम को कस्टम मिलिंग के तहत इस क्वालिटी का चावल अच्छी मात्रा में प्राप्त होने लगा है। दूसरी ओर खनिज तेल के आयात पर निर्भरता घटाने के लिए एथनॉल का उत्पादन बढ़ाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है और इसलिए अनाज आधारित डिस्टीलरीज को चावल की आपूर्ति बढ़ाई जा सकती है।