गेहूं एवं धान का रकबा बढ़ा मगर तिलहनों की बिजाई कम
01-Jan-2025 11:29 AM
नई दिल्ली । पिछले साल की तुलना में चालू रबी सीजन के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर गेहूं तथा धान के रकबे में बढ़ोत्तरी हुई है लेकिन तिलहन फसलों का क्षेत्रफल घट गया है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार गेहूं का उत्पादन क्षेत्र सुधरकर 320 लाख हेक्टेयर के करीब पहुंच गया है जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 313 लाख हेक्टेयर से 7 लाख हेक्टेयर या 2.2 प्रतिशत तथा सामान्य औसत क्षेत्रफल 312.35 लाख हेक्टेयर से करीब 7.65 लाख हेक्टेयर ज्यादा है।
हालांकि गेहूं की बिजाई कुछ देर से आरंभ हुई मगर बाद में इसकी रफ्तार बढ़ गई। फसल की हालत आमतौर पर सामान्य बताई जा रही है। पिछले सप्ताह करीब 7 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बोआई हुई। बिजाई की प्रक्रिया अभी कहीं-कहीं जारी है।
जहां तक रबी कालीन धान का सवाल है तो इसका उत्पादन क्षेत्र पिछले साल के 13.61 लाख हेक्टेयर से 5.6 प्रतिशत बढ़कर इस बार 14.37 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है। इसकी खेती कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है।
लेकिन रबी कालीन तिलहन फसलों और खासकर सरसों के रकबे में गिरावट देखी जा रही है। तिलहन फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र पिछले साल के 101.37 लाख हेक्टेयर से 5.2 प्रतिशत घटकर इस बार 96.15 लाख हेक्टेयर रह गया।
इसके तहत सरसों का क्षेत्रफल 93.73 लाख हेक्टेयर से 5.6 प्रतिशत गिरकर 88.50 लाख हेक्टेयर पर अटक गया मगर मूंगफली का रकबा 3.32 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा जो पिछले साल के लगभग बराबर है।
