गेहूं का बिजाई क्षेत्र नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का अनुमान

25-Nov-2025 01:03 PM

नई दिल्ली। रबी सीजन के सबसे प्रमुख खाद्यान्न- गेहूं की बिजाई में किसानों की बढ़ती दिलचस्पी को देखते हुए लगता है कि इस वर्ष इसका सकल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है। पिछले साल इसके रकबे में सुधार आया था और मौसम की हालत अनुकूल रही थी।

इसके आधार पर केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने 2024-25 के रबी सीजन में गेहूं का कुल घरेलू उत्पादन बढ़कर 1179 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंचने का अनुमान लगाया है।

इतना ही नहीं बल्कि 2025-26 के वर्तमान रबी सीजन के लिए गेहूं के उत्पादन का लक्ष्य भी बढ़ाकर 1190 लाख टन निर्धारित किया है। गेहूं की जोरदार बिजाई का अभियान अभी जारी है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वर्तमान रबी सीजन के दौरान 21 नवम्बर 2025 तक गेहूं का सकल उत्पादन क्षेत्र उछलकर 128.37 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया

जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 107.09 लाख हेक्टेयर से 21.28 लाख हेक्टेयर ज्यादा है। इस वर्ष गेहूं का पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 312.35 लाख हेक्टेयर आंका गया है। 

पंजाब-हरियाणा में गेहूं की बोआई या तो समाप्त हो चुकी है या बिल्कुल अंतिम दौर में पहुंच गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात में बिजाई की रफ्तार तेज है जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार एवं महाराष्ट्र सहित अन्य उत्पादक राज्यों में भी बिजाई की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है

और शीघ्र ही इसकी गति जोर पकड़ने की उम्मीद है। दिसम्बर माह के दौरान गेहूं की जोरदार बिजाई होने की उम्मीद है। मौसम की हालत अनुकूल बनी हुई है।

यद्यपि गेहूं का थोक मंडी भाव किसानों के लिए ज्यादा आकर्षक नहीं है मगर सरकारी समर्थन मूल्य उत्साहवर्धक है। गेहूं का समर्थन मूल्य 2425 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 2585 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया गया है।