गेहूं का थोक मंडी भाव एमएसपी से काफी नीचे

01-Apr-2026 07:51 PM

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने गेहूं का न्यूतनम समर्थन मूल्य 2024-25 सीजन के 2425 रुपए प्रति क्विंटल से 160 रुपए बढ़ाकर 2025-26 के रबी सीजन हेतु 2585 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है लेकिन शानदार उत्पादन की उम्मीद एवं मंडियों में जोरदार आवक होने की संभावना से इसका थोक मंडी भाव घटकर समर्थन मूल्य से काफी नीचे आ गया है। सरकारी पोर्टल-एगमार्कनेट के अनुसार 30 मार्च 2026 को गेहूं का औसत थोक मंडी भाव अखिल भारतीय स्तर पर 2379 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। 

30 मार्च को गेहूं का औसत थोक मंडी भाव मध्य प्रदेश में 2295 रुपए प्रति क्विंटल, राजस्थान में 2502 रुपए, गुजरात में 2637 रुपए तथा उत्तर प्रदेश में 2348 रुपए प्रति क्विंटल रह गया।

यदि यही भाव आगे भी बरकरार रहा तो किसानों को सरकारी एजेंसियों को अपना उत्पाद बेचने में प्राथमिकता देनी पड़ सकती है। फ्लोर मिलर्स / प्रोसेसर्स एवं व्यापारियों / स्टॉकिस्टों के साथ-साथ निर्यातकों की नजर भी गेहूं के बाजार पर टिकी हुई है। 

केन्द्र सरकार ने इस वर्ष पंजाब में 122 लाख टन, मध्य प्रदेश में 78 लाख टन, हरियाणा में 72 लाख टन, राजस्थान में 21 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 10 लाख टन, बिहार में 18 हजार टन तथा जम्मू-कश्मीर में 10 हजार टन सहित राष्ट्रीय स्तर पर कुल 303.36 लाख टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है जो 2024-25 सीजन की कुल वास्तविक खरीद 300.35 लाख टन से महज 3 लाख टन ज्यादा है।